ByElections Result 2022: देश के 6 राज्यों में लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा, पंजाब और दिल्ली में स्थिति साफ हो गई है वहीं आंध्र प्रदेश और झारखंड़ के सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा की एक और विधानसभा की तीन सीटों पर जीत हासिल की, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) को पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट पर झटका लगा। हालांकि, आप के लिए खुशी की बात यह रही कि उसने राष्ट्रीय राजधानी में राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश की दो लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा ने रामपुर और आजमगढ़ की सीट जीत ली है। रामपुर संसदीय सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार घनश्याम लोधी ने 42,000 से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। आजमगढ़ में भी भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव पर बढ़त बनाते हुए जीत हासिल की।
त्रिपुरा में चार विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना में सत्तारूढ़ दल भाजपा ने तीन सीट पर जीत हासिल की, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में गई। टाउन बोरडोवाली सीट पर मुख्यमंत्री और भाजपा उम्मीदवार माणिक साहा ने 6,104 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 17,181 मत मिले, जो डाले गए कुल मतों का 51.63 प्रतिशत हैं।
जीत पर मुख्यमंत्री साहा ने कहा कि जिन लोगों ने मुझे वोट दिया, मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं। यह भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत है। मुझे उम्मीद थी कि अंतर थोड़ा अधिक होगा। हालांकि, परिणाम माकपा और कांग्रेस के बीच मिलीभगत को साबित करते हैं। हम भविष्य में भी इसी तरह काम करेंगे। लोगों ने मिलीभगत को नकार दिया है।
अगरतला सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार सुदीप रॉय बर्मन को 3,163 मतों के अंतर से जीत मिली है। उन्हें 17,241 वोट मिले, जो डाले गए कुल वोट का 43.46 प्रतिशत हैं। इस जीत के साथ ही रॉय बर्मन विधानसभा में कांग्रेस के एकमात्र विधायक बन गए हैं। साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के गढ़ माने जाने वाले जुबराजनगर में भाजपा को 4,572 मतों के अंतर से जीत मिली है। भाजपा उम्मीदवार मलिना देबनाथ को 18,769 (51.83 प्रतिशत) वोट मिले, जबकि माकपा के शैलेंद्र चंद्र नाथ को 14,197 (39.2 प्रतिशत) वोट आए। सुरमा सीट पर भाजपा की उम्मीदवार स्वप्ना दास को 4,583 मतों के अंतर से जीत मिली। उन्हें कुल 16,677 (42.34 प्रतिशत) वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी टिपरा मोथा के उम्मीदवार बाबूराम सतनामी के खाते में 12,094 (30.7 प्रतिशत) वोट आए।
पंजाब में सत्तारूढ़ दल आम आदमी पार्टी ने संगरूर लोकसभा उपचुनाव में हार मान ली है और उसने शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान को बधाई दी। पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) प्रत्याशी सिमरनजीत सिंह मान ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी के गुरमेल सिंह को 5,822 मतों से हराया दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक ने भाजपा उम्मीदवार राजेश भाटिया को 11 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया।
आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRC) ने आत्मकुर विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में 82,000 से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है। वाईएसआरसीपी के उम्मीदवार एम. विक्रम रेड्डी ने 82,742 वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के जी भरत कुमार को हराया है।
झारखंड के मंदार विधानसभा उपचुनाव का नतीजा आ गया है। इस सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार शिल्पी नेहा तिर्की ने जीत हासिल की है।
संपादक की पसंद