1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रैली में तलवार लहराने के आरोप में MNS चीफ राज ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज

रैली में तलवार लहराने के आरोप में MNS चीफ राज ठाकरे के खिलाफ मामला दर्ज

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 13, 2022 04:28 pm IST,  Updated : Apr 13, 2022 04:28 pm IST

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ठाकरे के साथ ही पार्टी के ठाणे एवं पालघर जिला प्रमुख अविनाश जाधव तथा ठाणे शहर के अध्यक्ष रवींद्र मोरे के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा चार और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

MN Chief Raj Thackeray- India TV Hindi
MN Chief Raj Thackeray Image Source : PTI FILE

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ ठाणे शहर में एक जनसभा के दौरान तलवार लहराने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ठाकरे के साथ ही पार्टी के ठाणे एवं पालघर जिला प्रमुख अविनाश जाधव तथा ठाणे शहर के अध्यक्ष रवींद्र मोरे के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा चार और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

उन्होंने बताया कि मंगलवार शाम को गडकरी चौक पर आयोजित एक रैली के दौरान पार्टी के स्थानीय नेताओं ने ठाकरे को एक तलवार दी थी जिसे कथित रूप से लहराने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। राज ठाकरे ने मंगलवार को समान नागरिक संहिता की वकालत की और जनसंख्या वृद्धि को नियंत्रित करने की जरूरत पर जोर दिया। 

उन्होंने यहां एक रैली में अपनी यह मांग भी दोहराई कि मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाए जाने चाहिए। ने इसके लिए महाराष्ट्र सरकार को तीन मई से पहले कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया। ठाकरे ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस देश में समान नागरिक संहिता लागू करनी चाहिए।'' 

उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि को रोकने के लिए एक कानून लाया जाना चाहिए। ठाकरे ने धमकी दी कि अगर शिवसेना के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने तीन मई से पहले मस्जिदों से लाउडस्पीकर नहीं हटाए तो मनसे कार्यकर्ता मस्जिदों के सामने हनुमान चालीसा बजाएंगे। 

उन्होंने कहा कि यह धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक मुद्दा है क्योंकि लाउडस्पीकर से सभी को परेशानी होती है। ठाकरे ने इस आलोचना का जवाब दिया कि वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP पर हमला करते थे, लेकिन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का नोटिस प्राप्त होने के बाद उनके सुर बदल गए। 

उन्होंने कहा कि ऐसा बिलकुल नहीं है कि उनका राजनीतिक रुख बदलता रहा है। मनसे प्रमुख ने कहा कि अगर BJP सरकार ने कोई गलत फैसला लिया तो वह उसकी फिर से आलोचना करने से नहीं हिचकेंगे। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख शरद पवार पर जाति की राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत