1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'जो लोग अपनी मातृभाषा में पढ़ाई करते हैं, वे दुनियाभर में सफल हो रहे', भाषा विवाद पर बोले चंद्रबाबू नायडू

'जो लोग अपनी मातृभाषा में पढ़ाई करते हैं, वे दुनियाभर में सफल हो रहे', भाषा विवाद पर बोले चंद्रबाबू नायडू

 Published : Mar 17, 2025 06:05 pm IST,  Updated : Mar 17, 2025 07:02 pm IST

आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस बात पर भी जोर दिया कि आजीविका के लिए मातृभाषा को भूले बिना अधिक से अधिक भाषाएं सीखना महत्वपूर्ण है। सीएम नायडू ने ये बात विधानसभा में कही है।

आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू- India TV Hindi
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू Image Source : X

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि जो लोग अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करते हैं, वे दुनिया भर में सफलता हासिल कर रहे हैं। नायडू ने कहा कि यह एक गलत धारणा प्रचलित है कि केवल अंग्रेजी भाषा में ही ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। 

मातृभाषा में शिक्षा हासिल करना आसान

विधानसभा में मुख्यमंत्री नायडू ने कहा, 'भाषा केवल संवाद का माध्यम है। ज्ञान भाषा से नहीं आ जाएगा। जो लोग अपनी मातृभाषा में पढ़ाई करते हैं, वे दुनिया भर में सफलता हासिल कर रहे हैं।' उन्होंने कहा कि मातृभाषा में शिक्षा हासिल करना आसान होता है। 

केंद्र-तमिलनाडु के भाषा विवाद पर आई नायडू की टिप्पणी

नायडू की यह टिप्पणी उपमुख्यमंत्री और जनसेना प्रमुख पवन कल्याण द्वारा हाल ही में तमिलनाडु सरकार और केंद्र सरकार के बीच जारी भाषा विवाद पर टिप्पणी करने के बाद आई है। मुख्यमंत्री नायडू ने कहा, 'मैं आपसे यह बहुत स्पष्ट रूप से कह रहा हूं। भाषा नफरत करने के लिए नहीं है। यहां (आंध्र प्रदेश में) मातृभाषा तेलुगु है। हिंदी ‘राष्ट्रीय भाषा’ है और अंतरराष्ट्रीय भाषा अंग्रेजी है।'

अधिक से अधिक भाषा सीखने का भी आह्वान 

सीएम नायडू ने इस बात पर जोर दिया कि आजीविका के लिए मातृभाषा को भूले बिना अधिक से अधिक भाषाएं सीखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 'राष्ट्रीय भाषा' सीखने से दिल्ली में हिंदी में सहजता से बातचीत की जा सकती है। उन्होंने अपील की कि 'भाषाओं को लेकर अनावश्यक राजनीति' में शामिल होने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही नायडू ने अधिक से अधिक भाषाएं सीखने का भी आह्वान किया। (भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत