Aap Ki Adalat | लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के नेता चिराग पासवान किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। कुछ ही सालों के अंदर एक दमदार युवा नेता के रूप में उन्होंने अपनी पुख्ता पहचान बनाई है। अपने पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के निधन, और फिर पार्टी में बंटवारे जैसे झटकों के बाद चिराग और मजबूत बनकर ही उभरे हैं। अपने सधे हुए जवाबों के लिए मशहूर चिराग पासवान आज रात 10 बजे लोकप्रिय शो 'आप की अदालत' के कटघरे में होंगे और इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं 'एडिटर-इन-चीफ' रजत शर्मा के सवालों के जवाब दे रहे होंगे।
Related Stories
अलग-अलग मुद्दों पर खुलकर बोले चिराग पासवान
'आप की अदालत' में चिराग पासवान ने हर सवाल का बहुत ही बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने इंटरव्यू के दौरान विस्तार से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किन नीतियों ने उन्हें प्रभावित किया जिनकी वजह से वह NDA के साथ जुड़े रहे। उन्होंने हाल ही में तेजस्वी यादव की एक सभा में अपनी मां के खिलाफ अपशब्द कहे जाने के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने लालू परिवार से अपने रिश्तों पर भी बात की और लोकसभा चुनावों के बारे में भी खुलकर बोले। ऑडियंस ने भी चिराग पासवान के जवाबों को अपनी तालियों के माध्यम से खूब सराहा।
जनवरी 2023 से शुरू है नए एपिसोड्स का प्रसारण
बता दें कि कोरोना वायरस से दुनिया में फैली महामारी की वजह से 2 साल तक 'आप की अदालत' के नए एपिसोड्स की शूटिंग नहीं हो पाई थी और पुराने एपिसोड ही प्रसारित किए जा रहे थे। लेकिन अब इस चर्चित शो के नए एपिसोड्स का प्रसारण शुरू हो चुका है। दर्शक इसे पहले की तरह ही इंडिया टीवी पर देख सकते हैं। नए एपिसोड के पहले गेस्ट देश के जाने-माने उद्योगपति गौतम अडानी थे। अडानी के बाद विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई मेहमान ‘आप की अदालत’ के कटघरे में मौजूद होकर रजत शर्मा के सवालों के जवाब दे चुके हैं।
'आप की अदालत' के नाम दर्ज हैं कई बड़े कीर्तिमान
'आप की अदालत' में करीब 200 जानी-मानी हस्तियां अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की बात करें तो 'आप की अदालत' के वीडियो 172 करोड़ से भी ज्यादा बार देखे जा चुके हैं, जो कि अपने आप में एक कीर्तिमान है। सिर्फ इतना ही नहीं, इस शो के 1100 से ज्यादा एपिसोड टीवी पर आ चुके हैं, और यह यूट्यूब पर दुनिया के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले न्यूज शो में शामिल है। ‘आप की अदालत’ इकलौता ऐसा मंच रहा है जहां पर बॉलिवुड सुपरस्टार्स आमिर खान, सलमान खान और शाहरुख खान एक साथ नजर आए हैं।