1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'मुझे टॉर्चर किया गया-एनकाउंटर की धमकी दी गई', शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में छूटे राज सिंह ने बयां किया दर्द

'मुझे टॉर्चर किया गया-एनकाउंटर की धमकी दी गई', शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या मामले में छूटे राज सिंह ने बयां किया दर्द

 Published : May 22, 2026 10:11 am IST,  Updated : May 22, 2026 11:47 am IST

शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में बंगाल पुलिस ने गलत आदमी को अरेस्ट किया था। CBI ने असल साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया और गलत अरेस्ट किए गए राज सिंह को छुड़वाया।

raj singh suvendu adhikari pa murder case- India TV Hindi
चंद्रनाथ रथ हत्या मामले में गिरफ्तार हुए थे राज सिंह। Image Source : ANI

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में लगातार कार्रवाई और एक्शन जारी है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस हत्या के मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, पुलिस ने हत्या की जांच के दौरान बलिया के राज सिंह नाम के शख्स को गिरफ्तार किया था, जो कि गलत पहचान का मामला निकला। अब राज सिंह को सीबीआई ने अपनी जांच पड़ताल पूरी करने के बाद निर्दोष करार देते हुए बाइज्जत बरी कर दिया है। जेल से बाहर आने के बाद राज सिंह ने चौंकाने वाला दावा किया है।

राज सिंह ने सुनाई आपबीती

सुवेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड में गिरफ्तार राज सिंह, जिन्हें सीबीआई ने रिहा कर दिया, ने कहा- "मुझे गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया था, मुझे किसी और राज कुमार सिंह समझ लिया गया था। मैं अपनी मां के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गया था। घर लौटते समय पुलिस की एक टीम ने मुझे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी, न ही सबूत मांगे। उन्होंने मुझे एनकाउंटर की धमकी दी और जबरन कबूलनामा करवाने की कोशिश की।

राज सिंह ने कहा- "बाद में मुझे कोलकाता ले जाया गया, जहां सीआईडी ​​ने मुझे टॉर्चर किया और उस अपराध को कबूल करने को कहा जो मैंने किया ही नहीं था। उनका इरादा मुझे अपराधी साबित करना था। जब सीबीआई ने जांच की, तो उन्होंने जनता के सामने सच्चाई उजागर की और मुझे निर्दोष साबित किया। मैं निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई का आभारी हूं।"

पीड़ित ने सीएम योगी से की अपील

राज सिंह ने कहा- "मैं मुख्यमंत्री योगी जी से उस पुलिस टीम के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील करता हूं। मैं भाजपा में रहा हूं-मेरे पिता भी भाजपा में थे। मैं क्षत्रिय महासभा से जुड़ा रहा हूं, लेकिन किसी भी संगठन ने मेरा समर्थन नहीं किया। हर रात मुझे डर लगता था कि मुझे झूठे आरोप में उठाकर मुठभेड़ में मार दिया जाएगा, जबकि मेरे खिलाफ कोई मामला नहीं था। भला कौन नहीं डरेगा?" 

ये भी पढ़ें- शुभेंदु अधिकारी PA हत्याकांड: बंगाल पुलिस ने गलत आदमी को किया था अरेस्ट; अब CBI ने दबोचा असली मास्टरमाइंड

'जो CAA के दायरे में नहीं, उसे BSF के हाथों किया जाएगा हैंडओवर, 27 KM जमीन पर हो रही घेराबंदी', CM शुभेंदु का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत