तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय ने गुरुवार को बड़ा ऐलान किया है। थलापति विजय ने सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की। सरकार के अनुसार, इस संशोधन के साथ महंगाई भत्ता (DA) 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। यह वृद्धि एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। वहीं, राज्य की महिलाओं के खाते में 1000 रुपये भी जल्द आने वाले हैं।
सरकार पर सालाना बढ़ेगा खर्च
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर सालाना 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार आवश्यक अतिरिक्त धनराशि आवंटित करेगी और सरकारी अधिकारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करेगी।
लोगों के लिए कल्याणकारी कदम उठाने का संकल्प
सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सीएम विजय ने लोगों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं तैयार करने और उन्हें लागू करने के लिए कदम उठाने का संकल्प लिया है।
महिलाओं के खाते में जल्द आएंगे 1000 रुपये
वहीं, दूसरी ओर सीएम विजय ने कहा कि महिलाओं को 'कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई' योजना की मई माह की किस्त जल्द ही दी जाएगी। इस योजना के तहत महिलाओं को 1,000 रुपये दिए जाते हैं। इसकी शुरुआत पूर्ववर्ती DMK सरकार ने की थी और इसका नाम पार्टी के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखा गया।
चुनाव में 2500 रुपये देने का था वादा
सीएम विजय ने निर्देश दिया है कि इस योजना के तहत मई महीने की 1000 रुपये की किस्त जल्द ही लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे जमा कर दी जाएगी।' राज्य विधानसभा चुनाव से पहले विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने 60 वर्ष से कम उम्र की महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह की सहायता देने का वादा किया था।
ये भी पढ़ें:
प्रतीक यादव की संदिग्ध मौत को हत्या बताकर NHRC में शिकायत, स्वतंत्र जांच की उठी मांग