कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे ईशान थरूर की नौकरी चली गई है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट ने अपने एक तिहाई कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। इसके अलावा अखबार ने कथित तौर पर अपना खेल विभाग और कई विदेशी कार्यालय भी बंद कर दिए हैं। इसी छंटनी में ईशान थरूर की भी नौकरी चली गई है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट की मानें तो करीब 800 पत्रकारों में से 300 से अधिक को नौकरी से निकाल दिया गया है। अब ईशान थरूर ने खुद इस बारे में सोशल मीडिया पर जानकारी दी है।
क्या बोले ईशान थरूर?
ईशान थरूर ने कहा- "आज मुझे वॉशिंगटन पोस्ट से निकाल दिया गया है। मेरे साथ-साथ अधिकांश अंतर्राष्ट्रीय कर्मचारी और कई अन्य शानदार सहकर्मी भी निकाले गए हैं। मैं अपने न्यूज रूम और विशेष रूप से उन बेमिसाल पत्रकारों के लिए बहुत दुखी हूं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वॉशिंगटन पोस्ट की सेवा की। संपादक और संवाददाता जो लगभग 12 वर्षों से मेरे मित्र और सहयोगी रहे हैं, उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है।"
5 लाख पाठकों का आभारी हूं- ईशान थरूर
ईशान थरूर ने कहा- "मैंने जनवरी 2017 में वर्ल्डव्यू कॉलम की शुरुआत की थी ताकि पाठकों को दुनिया और उसमें अमेरिका की भूमिका को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल सके और मैं उन पांच लाख वफादार पाठकों का आभारी हूँ जिन्होंने वर्षों तक सप्ताह में कई बार इस कॉलम को पढ़ा।"
ईशान का काम क्या था?
ईशान थरूर वाशिंगटन पोस्ट में विदेश मामलों के लेखक के तौर पर काम कर रहे थे। ऑपेरशन सिंदूर के बाद जब भारतीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका के दौरे पर था तो ईशान अपने पिता शशि थरूर से सवाल पूछकर चर्चा में आए थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई लोगों ने ईशान थरूर को एक बेहतरीन पत्रकार बताया है और उन्हें निकाले जाने के वाशिंगटन पोस्ट के फैसले को गलत बताया है।
फैसला दुखद लेकिन जरूरी- कार्यकारी संपादक
अखबार के कार्यकारी संपादक मैट मरे का कहना है कि ये फैसला दुखद लेकिन जरूरी था ताकि अखबार को बेहतर रास्ते पर ले जाया जा सके और तकनीक व पाठकों के व्यवहार में आए बदलावों के अनुरूप ढला जा सके। बता दें कि वाशिंगटन पोस्ट के मालिक अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस हैं। उन्होंने साल 2013 में अखबार को ग्राहम परिवार से 25 करोड़ डॉलर में खरीदा था।
ये भी पढ़ें- Video: शशि थरूर सीढ़ियों पर गिरे तो अखिलेश यादव ने संभाला, कांग्रेस सांसद ने बोला- Thanks, बताया कितनी गंभीर है चोट
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर विवाद पर आया शशि थरूर का बयान, बोले- 'यह बेहद शर्मनाक है'