1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress Protest: कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज, विरोध के दौरान पुलिस को चोट पहुंचाने का लगा आरोप

Congress Protest: कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज, विरोध के दौरान पुलिस को चोट पहुंचाने का लगा आरोप

 Published : Aug 06, 2022 12:56 pm IST,  Updated : Aug 06, 2022 12:56 pm IST

Congress Protest: पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस और अन्य लोकसेवकों को चोट पहुंचाने की कोशिश की। इसके साथ ही कई और धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है।

Congress Protest- India TV Hindi
Congress Protest Image Source : PTI

Highlights

  • कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज
  • विरोध के दौरान पुलिस को चोट पहुंचाने का लगा आरोप
  • दिल्ली पुलिस ने कई धाराओं में दर्ज किया केस

Congress Protest: बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस ने देश भर में विरोध प्रदर्शन किया था। हालांकि देश की राजधानी दिल्ली में इस प्रदर्शन का बड़ा रूप दिखा। लेकिन अब इस प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस और अन्य लोकसेवकों को चोट पहुंचाने की कोशिश की। इसके साथ ही कई और धाराओं में भी मामला दर्ज किया है। 

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

दरअसल, दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में विरोध मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों के काम में कथित तौर पर बाधा डालने और उन्हें चोट पहुंचाने के आरोप में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया को बताया, "हमने धारा 186 (लोक सेवक के सार्वजनिक कार्यो के निर्वहन में बाधा डालना), 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा), 332 (लोक सेवक को चोट पहुंचाना), 34 (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।"

कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी का कहना है कि कथित तौर पर देश में बेरोजगारी और मुद्रास्फीति में वृद्धि हुई है। राहुल गांधी सहित कांग्रेस के 65 सांसदों को संसद के पास विजय चौक से हिरासत में लिया गया, जबकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत कुल 335 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने क्या कहा

विशेष पुलिस आयुक्त, एल एंड ओ डिवीजन, डॉ. सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने अकबर रोड, विजय चौक और जंतर मंतर सहित नई दिल्ली के विभिन्न स्थलों पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को क्षेत्र में लागू कर्फ्यू के बारे में उचित रूप से चेतावनी दी गई थी और बार-बार क्षेत्र से तितर-बितर होने का अनुरोध किया गया था, हालांकि, उन्होंने विरोध जारी रखा, जिससे सीआरपीसी की धारा 144 के तहत कर्फ्यू का उल्लंघन हुआ। हुड्डा ने कहा, "जब पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आगे बढ़े, तो प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधिकारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से रोकने की कोशिश की, उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत