1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात के जखाऊ पोर्ट की ओर बढ़ रहा है तूफान बिपरजॉय, आज शाम तक लैंडफॉल; तटीय इलाकों में हाई अलर्ट

गुजरात के जखाऊ पोर्ट की ओर बढ़ रहा है तूफान बिपरजॉय, आज शाम तक लैंडफॉल; तटीय इलाकों में हाई अलर्ट

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jun 15, 2023 09:22 am IST,  Updated : Jun 15, 2023 10:05 am IST

अरब सागर में उठा भीषण तूफान बिपरजॉय गुजरात के तटों के और करीब पहुंच गया है। आज शाम तक इसके लैंडफॉल के आसार हैं।

समंदर में उठ रही हैं...- India TV Hindi
समंदर में उठ रही हैं ऊंची लहरें Image Source : पीटीआई

नई दिल्ली:  चक्रवाती तूफान बिपरजॉय धीरे-धीरे सौराष्ट्र और कच्छ की ओर बढ़ रहा है। यह गुजरात के जखाऊ बंदरगाह से करीब 180 किमी की दूरी पर है। आज शाम तक इसके तट से टकराने के आसार हैं। यह तूफान काफी गंभीर रूप ले चुका है। लैंडफॉल के वक्त हवा की रफ्तार 140 किमी प्रति घंटे रह सकती है। वहीं तटीय इलाके इस तूफान को लेकर हाई अलर्ट पर हैं।

6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है चक्रवात

यह तूफान पिछले 6 घंटों के दौरान 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। आज सुबह 5.30 बजे यह तूफान जखाऊ पोर्ट (गुजरात) से लगभग 180 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में स्थित था। वहीं यह तूफान देवभूमि द्वारका से 210 किमी पश्चिम में, नलिया से 210 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में, पोरबंदर से 290 किमी पश्चिम-उत्तर पश्चिम में, और कराची से 270 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। 

लैंडफॉल के वक्त 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

आज शाम तक यह तूफान मांडवी (गुजरात) और कराची (पाकिस्तान) के बीच लैंडफॉल कर सकता है। लैंडफॉल के वक्त इसकी रफ्तार 125 से 140 किमी प्रति घंटे हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक यह अति गंभीर चक्रवाती तूफान है। इसकी वजह से पेड, छोटे मकान, मिट्टी के घर, टिन के घरों को नुकसान हो सकता है।

गुजरात-महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों में हाई अलर्ट

बता दें कि इस तूफान के रौद्र रुप को देखकर गुजरात, महाराष्ट्र समेत 9 राज्यों में हाई अलर्ट है। सभी एजेंसियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। दिल्ली, मुंबई, गांधीनगर से तूफान के हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है जिससे वक्त आने पर हर हालात से निपटा जा सके। हर एजेंसी को सेंट्रल  कमांड से जोड़ दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत