1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. श्रीलंका में भारतीय वायुसेना का 'ऑपरेशन सागर बंधु' जारी, राहत और बचाव में जुटे हेलीकॉप्टर और विमान

श्रीलंका में भारतीय वायुसेना का 'ऑपरेशन सागर बंधु' जारी, राहत और बचाव में जुटे हेलीकॉप्टर और विमान

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Niraj Kumar
 Published : Nov 30, 2025 06:13 pm IST,  Updated : Nov 30, 2025 06:37 pm IST

भारतीय वायुसेना ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका को मानवीय सहायता प्रदान कर रही है। सी-130जे परिवहन विमान और एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को सहायता के कामों में तैनात किया गया है।

indian air force- India TV Hindi
श्रीलंका में रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी वायुसेना Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। भारतीय वायुसेना ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका को मानवीय सहायता प्रदान कर रही है।  सी-130जे परिवहन विमान और एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को सहायता के कामों में तैनात किया गया है। सी-130जे परिवहन विमान एनडीआरएफ की टीम और उपरकरण को लेकर पहुंचा। वहीं एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर राहत और बचाव के काम में तैनात है।

इस दौरान वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने फंसे हुए यात्रियों को एक प्रतिबंधित क्षेत्र से निकालने के लिए एक हाइब्रिड बचाव अभियान चलाया। एक गरुड़ कमांडो के ग्रुप को क्रॉस-कंट्री रूट से कोटमाले में हेलीपैड पर उतारा गया से 24 यात्रियों – जिनमें भारतीय, विदेशी नागरिक और श्रीलंकाई शामिल थे – को कोलंबो ले जाया गया। इसी तरह, तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत मेडिकल मदद के लिए हेलीकॉप्टर से कोलंबो ले जाया गया। इससे पहले वायुसेना ने श्रीलंकाई सेना के जवानों की पाँच टीमों (40 सैनिकों) को राहत कार्यों में मदद के लिए दियाथलावा आर्मी कैंप से भूस्खलन से प्रभावित कोटमाले क्षेत्र में एयरलिफ्ट किया था।

Sri lanka, Indian air fore
Image Source : REPORTER INPUTश्रीलंका में भारतीय वायुसेना का ऑपरेशन सागर बंधु

कोलंबो में एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर तैनात 

उधर वायुसेना ने कहा, ‘‘ऑपरेशन सागरबंधु के तहत भारतीय वायुसेना ने श्रीलंका में राहत प्रयासों के रूप में कोलंबो में एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं।’’ पोस्ट में कहा गया कि भारतीय वायुसेना के परिवहन विमानों को भारतीय नागरिकों की ‘‘बड़े पैमाने पर निकासी’’ के लिए चिह्नित किया गया है, जिसके लिए केरल के त्रिवेंद्रम और उत्तर प्रदेश के हिंडन से ‘‘कई मिशन’’ की योजना बनाई गई है। वायुसेना ने कहा, ‘‘प्रभावित समुदायों की सहायता के लिए निकासी के साथ-साथ चिकित्सा आपूर्ति सहित आवश्यक राहत सामग्री भी हवाई मार्ग से पहुंचाई जा रही है। भारतीय वायुसेना जीवन की रक्षा करने और जरूरतमंद पड़ोसियों को समय पर सहायता प्रदान करने में तत्पर है।’’ 

21 टन राहत सामग्री पहुंचाई

शनिवार को, भारतीय वायुसेना के दो परिवहन विमानों सी-130जे और आईएल-76 ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत कोलंबो में लगभग 21 टन राहत सामग्री पहुंचाई। ये दोनों विमान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित हिंडन वायुसेना अड्डे से रवाना हुए थे। अधिकारी ने बताया कि नौ टन राहत सामग्री, 80 एनडीआरएफ कर्मी, चार श्वान और आठ टन एनडीआरएफ एचएडीआर (मानवीय सहायता और आपदा राहत) उपकरण लेकर एक आईएल-76 विमान भी शनिवार सुबह कोलंबो में उतरा।

Sri lanka, Indian air force
Image Source : REPORTER INPUTश्रीलंका में भारतीय वायुसेना का ऑपरेशन सागर बंधु के तहत राहत और बचाव का कार्य कर रही है

चक्रवात से 150 लोगों की मौत

श्रीलंका में तूफान से मरने वालों की संख्या बढ़कर 150 हो गई है, कई लोग लापता हैं। शनिवार को चक्रवात ‘दित्वा’ से भारी तबाही हुई तथा बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा। ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत, राहत सामग्री की पहली खेप आईएनएस विक्रांत और अग्रिम पंक्ति के जहाज आईएनएस उदयगिरि द्वारा पहुंचाई गई। श्रीलंकाई अधिकारियों के अनुसार, 12,313 परिवारों के 43,900 से अधिक लोग चक्रवात से प्रभावित हुए हैं। 

कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फंसे भारतीय यात्रियों की सहायता कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हवाई यातायात में भारी व्यवधान के मद्देनजर, कठिनाइयों का सामना कर रहे भारतीय यात्रियों को भोजन, पानी और अन्य सहायता प्रदान की जा रही है। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत