1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत, मुंबई के पास सड़क हादसे में गई जान

Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मौत, मुंबई के पास सड़क हादसे में गई जान

 Edited By: Swayam Prakash
 Published : Sep 04, 2022 04:45 pm IST,  Updated : Sep 04, 2022 05:43 pm IST

Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मुंबई के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे इस दौरान उनकी कार डिवाइडर जा से टकराई।

Highlights

  • साइरस मिस्त्री की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
  • अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे साइरस मिस्त्री
  • पालघर जिले में डिवाइडर से टकराई कार

Cyrus Mistry Death: टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की मुंबई के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे इस दौरान उनकी कार डिवाइडर जा से टकराई। साइरस की कार में 4 लोग सवार थे, हादसे के दौरान 2 की मौके पर ही मौत गई जबकि बाकी 2 लोगों को कासा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साइरस मिस्त्री के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कासा ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। इस हादसे में सायरस मिस्त्री के अलावा जहांगीर दिनशा पंडोल की भी जान गई है। वहीं घायलों की पहचान अनायता पंडोले और दरीयस पांडोले के तौर पर हुई है। 

Cyrus Mistry dies in car crash near Mumbai
Image Source : INDIA TVCyrus Mistry dies in car crash near Mumbai

पालघर जिले में डिवाइडर से टकराई कार 

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि टाटा संस के पूर्व अध्यक्ष साइरस मिस्त्री की रविवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उनकी कार महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि मिस्त्री मर्सिडीज कार में अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। ये हादसा दोपहर करीब 3.15 बजे हुआ, जब साइरस मिस्त्री अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे। हादसा सूर्या नदी पर बने पुल पर हुआ। पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना की तरह लग रहा है। गाड़ी के ड्राइवर समेत उनके साथ यात्रा कर रहे अन्य दो लोग हादसे में घायल हो गए। सभी घायलों को गुजरात के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Cyrus Mistry Was traveling from Ahmedabad to Mumbai
Image Source : INDIA TVCyrus Mistry Was travelling from Ahmedabad to Mumbai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने साइरस मिस्त्री की दुर्घटना में मौत पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, "श्री साइरस मिस्त्री का असामयिक निधन स्तब्ध करने वाला है। वह एक होनहार बिजनेस लीडर थे जो भारत की आर्थिक शक्ति में विश्वास करते थे। उनका निधन वाणिज्य और उद्योग जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके परिवार और मित्रों के लिए मेरी संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

महाराष्ट्र के सीएम-डिप्टी सीएम ने जाताया दुख, जांच के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने साइरस मिस्त्री की मौत पर शोक व्यक्त किया है। सीएम शिंदे की ओर से जारी एक प्रेस नोट में लिखा है कि टाटा संस के पूर्व प्रमुख साइरस मिस्त्री के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। साइरस मिस्त्री न केवल एक सफल उद्यमी थे बल्कि उन्हें उद्योग जगत में एक युवा, उज्ज्वल और भविष्यवादी व्यक्तित्व के रूप में देखा जाता था। एक कुशल उद्यमी का निधन हो गया है। यह न केवल राजमिस्त्री के परिवार के लिए बल्कि देश के औद्योगिक जगत के लिए भी एक बड़ी क्षति है। उनको मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। वहीं इस घटना पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मिस्त्री कर शोक जताया और ट्वीट कर जानकारी दी कि साइरस मिस्त्री की ऐक्सिडेंट में हुई मौत की जांच के लिए डीजीपी को आदेश दिए हैं।

राजनेताओं से लेकर उद्योगपतियों तक शोक की लहर
साइरस मिस्त्री की मौत पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शोक जताया है। गोयल ने ट्वीट कर लिखा, साइरस मिस्त्री के आकस्मिक निधन से गहरा दुख और सदमा पहुंचा। भारतीय उद्योग ने अपना एक चमकता सितारा खो दिया है, जिसका भारत की आर्थिक प्रगति में योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।"

वहीं महिंद्र एंड महिंद्रा के चेयरपर्सन आनंद महिंद्रा ने भी साइरस की मौत पर दुख व्यक्त किया। एनसीपी की नेता सुप्रिया सुले ने भी इस घटना पर दुख जताया और ट्वीट किया।

सुप्रिया ने लिखा, "टाटा समूह के पूर्व अध्यक्ष और मेरे भाई साइरस मिस्त्री का आकस्मिक निधन हो गया। मिस्त्री परिवार के साथ हम सबका बहुत करीबी रिश्ता था। इस दुखद घटना के कारण मैं आज सभी कार्यक्रम स्थगित कर रही हूं। जल्द ही नए कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।"

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत