1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली-NCR में तीखे हुए सर्दी के तेवर, कश्मीर में जम गए झरने, राजस्थान के सीकर-चूरू में भी जमी बर्फ; जानें अपने शहर का हाल

दिल्ली-NCR में तीखे हुए सर्दी के तेवर, कश्मीर में जम गए झरने, राजस्थान के सीकर-चूरू में भी जमी बर्फ; जानें अपने शहर का हाल

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 18, 2024 06:57 am IST,  Updated : Dec 18, 2024 07:22 am IST

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में ठंड का सितम लगातार जारी है। इस बीच अब मौसम विभाग की ओर से ताजा अपडेट सामने आया है। राजस्थान में अब सर्दी का असर और तेज होगा। मौसम विभाग की ओर से इस सीजन में पहली बार शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

kashmir cold winter- India TV Hindi
उत्तरी कश्मीर के तंगमर्ग के द्रुंग में झरना जम गया। Image Source : PTI

उत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भी सर्दी का सितम जारी है। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती ठंड़ ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है। ठंड़ से बचाव के लिए जरूरतमंद लोग रैन बसेरा में रात गुजार रहे हैं। दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में कोहरे की चादर छाई हुई। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई। वाहन चलाते समय लोगों को खासा दिक्कत हो रही है।  

पड़ने वाली है और भयंकर ठंड

ठंड के सितम के बीच अब मौसम विभाग की ओर से ताजा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग के अनुसार 18 दिसंबर को हिमालयी क्षेत्र को एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है जिसके कारण अगले कुछ दिनों बाद यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। वहीं, IMD के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को यूपी के कुछ हिस्सों में सुबह या देर रात के समय मध्यम और छिछला कोहरा दिखाई दे सकता है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से फिलहाल घने कोहरे या शीतलहर को लेकर कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।

राजस्थान के कई शहरों में तापमान माइनस में जाएगा

राजस्थान में तापमान में काफी गिरावट आई है। 16 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सीकर और झुंझुनू में अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में ठंड और बढ़ेगी।

सीजन में पहली बार शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट 

मौसम विभाग की ओर से इस सीजन में पहली बार शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। फतेहपुर (सीकर) समेत कई शहरों में तापमान शून्य या उससे भी नीचे जा सकता है। सीकर के पास फतेहपुर में मंगलवार को भी पारा शून्य से नीचे चला गया। सीकर और चूरू के आसपास के इलाकों में भी बर्फ जम गई। भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, करौली, चूरू, श्रीगंगानगर और जालौर में मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। माउंट आबू के मैदानी इलाकों में घास पर ओस जम गई और तापमान पांच डिग्री से नीचे चला गया।

महाराष्ट्र में कैसा है मौसम का हाल?

महाराष्ट्र के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं और राज्य में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान गिरकर एकल अंक तक पहुंच गया है। पुणे के बारामती में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पुणे और नासिक जिलों में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जलगांव में पारा गिरकर 8.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जबकि परभणी, छत्रपति संभाजीनगर और धाराशिव में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.4, 10 और 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नासिक जिले के मालेगांव में न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी मुंबई में सांताक्रूज़ वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जबकि कोलाबा में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिमाचल में ठंड़ से लोग पड़ रहे बीमार

पहाड़ी इलाके में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाके में भी दिखने लगा है। आने वाले दिनों में भी तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। श्रीनगर और हिमाचल प्रदेश की अगर हम बात करें तो यहां इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में लगातार गिरावट का दौर जारी है। हिमाचल के कुल्लू में लोगों की परेशानी बढ़ा रह है। ठंड़ से लोग बीमार पड़ रहे बीमार रहे हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर में फ्रीजिंग प्वाइंट से नीचे तापमान पहुंच गया है। श्रीनगर में कई जगहों पर बर्फ की परत जमी दिखी।

बारामूला में बर्फ का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
Image Source : PTIबारामूला में बर्फ का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।

21-22 दिसंबर को घाटी के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी

इसके अलावा डल झील सहित कई जलाशयों के किनारों पर बर्फ जम गई है। शहर के कई इलाकों और घाटी में अन्य जगहों पर पानी की आपूर्ति करने वाली पाइपलाइन में ठंड के कारण बर्फ जम गई है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पंपोर शहर के बाहरी इलाके में स्थित कोनीबाल घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां पारा शून्य से 8.5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। कश्मीर के प्रवेशद्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने 26 दिसंबर तक मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने तथा 21-22 दिसंबर की रात को घाटी के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी का अनुमान जताया है। घाटी में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने तथा अगले तीन दिनों के दौरान कई स्थानों पर शीत लहर चलने का अनुमान है। 

झारखंड में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के कुछ हिस्सों में 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है। अधिकारी ने बताया कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है, लेकिन आंशिक राहत मिल सकती है क्योंकि चक्रवात के कारण बुधवार से न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि बुधवार से न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

ओडिशा के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम

ओडिशा के 13 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि कंधमाल जिले का जी उदयगिरी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राउरकेला में न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री और कोरापुट जिले के सिमिलिगुड़ा में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फूलबनी में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस, सुंदरगढ़ में 8.6 डिग्री सेल्सियस, क्योंझर में 8.9 डिग्री दर्ज किया गया और अंगुल, भवानीपटना, किरेई, चिपलिमा और नबरंगपुर में नौ डिग्री तथा भद्रक में 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भुवनेश्वर में यह 13.6 डिग्री और कटक में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत