1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मसाज पार्लर में घुसकर दर्जनों लोगों ने मचाया हुड़दंग, कर्मचारियों के साथ मारपीट; देह व्यापार का लगाया आरोप

मसाज पार्लर में घुसकर दर्जनों लोगों ने मचाया हुड़दंग, कर्मचारियों के साथ मारपीट; देह व्यापार का लगाया आरोप

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 24, 2025 07:10 am IST,  Updated : Jan 24, 2025 07:10 am IST

कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले में एक मसाज पार्लर के अंदर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला कर्मचारी भी रहीं मौजूद।- India TV Hindi
महिला कर्मचारी भी रहीं मौजूद। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE/PTI

मंगलुरु: कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ जिले के बेजई क्षेत्र में गुरुवार को एक मसाज पार्लर में तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। एक संगठन से जुड़े लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि करीब एक दर्जन युवकों ने मसाज पार्लर में घुसकर वहां काम करने वाले कर्मचारियों पर हमला किया। इस दौरान वहां कई महिलाएं भी शामिल थीं। उन्होंने पार्लर के अंदर की संपत्तियों को नुकसान भी पहुंचाया और कर्मचारियों पर ‘यूनिसेक्स सलून’ (महिला और पुरुष दोनों का पार्लर) के नाम पर अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया। 

गृह मंत्री ने की हमले की निंदा

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने इस हमले की निंदा की है। उन्होंने पुलिस को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। इस मामले पर उन्होंने कहा, ‘‘किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। हर किसी को कानून के दायरे में संगठन चलाने का अधिकार है। यदि कोई शिकायत थी, तो वे पुलिस की मदद ले सकते थे।’’ वहीं इस मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के बयान के अनुसार, सलून मालिक सुधीर शेट्टी की शिकायत के आधार पर बार्के थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

मामले में 14 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के बयान के अनुसार, ‘‘जांच के दौरान पाया गया कि एक खास संगठन के सदस्य इस घटना में शामिल थे। इस मामले के संबंध में कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।’’ वहीं राम सेना के नेता प्रसाद अत्तावर ने कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली है कि वहां यूनिसेक्स सलून की आड़ में अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा था। महिलाओं को नशीले पदार्थ देकर उन्हें देह व्यापार में धकेला जा रहा था।’’ अत्तावर ने 2009 में शहर के एक पब पर हुए हमले का भी नेतृत्व किया था, जिसने वैश्विक सुर्खियां बटोरी थीं। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

दिल्ली विधानसभा चुनाव में AIMIM की हुई एंट्री, असदुद्दीन ओवैसी बोले- 2 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, केजरीवाल-भाजपा पर बरसे

अवैध बांग्लादेशियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का एक्शन, आधी रात को चलाया गया सर्च ऑपरेशन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत