1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की नातिन डॉ सौंदर्या ने आत्महत्या की

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की नातिन डॉ सौंदर्या ने आत्महत्या की

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 28, 2022 04:46 pm IST,  Updated : Jan 28, 2022 04:46 pm IST

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे नीरज ड्यूटी पर निकल गए थे और आशंका जताई जा रही है कि 2 घंटे बाद सौंदर्या ने आत्महत्या कर ली।

Soundarya Suicide, Yediyurappa, Yediyurappa Granddaughter- India TV Hindi
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा की नातिन डॉक्टर सौंदर्या वी वाई ने शुक्रवार सुबह कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। Image Source : TWITTER

Highlights

  • एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर सौंदर्या (30) ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
  • येदियुरप्पा की दूसरी बेटी पद्मावती की पुत्री सौंदर्या की शादी डॉक्टर नीरज एस से 2018 में हुई थी।
  • घटना का पता तब चला जब घरेलू सहायिका ने कमरे का दरवाजा बार बार खटखटाया, लेकिन कोई आवाज नहीं आई।

बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा की नातिन डॉक्टर सौंदर्या वी वाई ने शुक्रवार सुबह वसंत नगर में अपने फ्लैट में पंखे से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर सौंदर्या (30) ने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता येदियुरप्पा की दूसरी बेटी पद्मावती की पुत्री सौंदर्या की शादी उसी अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर नीरज एस से 2018 में हुई थी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 8 बजे नीरज ड्यूटी पर निकल गए थे और आशंका जताई जा रही है कि 2 घंटे बाद सौंदर्या ने आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब घरेलू सहायिका ने कमरे का दरवाजा बार बार खटखटाया, लेकिन कोई आवाज नहीं आई। घरेलू सहायिका ने डॉ नीरज को सूचित किया। नीरज ने भी सौंदर्या को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब दरवाजे को तोड़ा गया तो सौंदर्या फंदे से लटकी मिलीं। बाद में शव को बोरिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया।

सौंदर्या येदियुरप्पा की बड़ी बेटी पद्मा की बेटी थीं। वह माउंट कार्मेल कॉलेज के पास एक अपार्टमेंट में अपने पति और लगभग 6 महीने के बच्चे के साथ रह रही थीं। भारतीय जनता पार्टी के सूत्रों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, कुछ मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने येदियुरप्पा के घर पहुंचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत