1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नेपाल–भारत–श्रीलंका, 3 देशों में फैला था ड्रग तस्करी नेटवर्क, NCB ने 10 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त कीं

नेपाल–भारत–श्रीलंका, 3 देशों में फैला था ड्रग तस्करी नेटवर्क, NCB ने 10 करोड़ की नशीली दवाएं जब्त कीं

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 06, 2026 08:48 pm IST,  Updated : Mar 06, 2026 08:48 pm IST

एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इसके साथ ही 10 करोड़ रुपये की नशीली दवाएं जब्त की हैं। एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त की गई है।

hash- India TV Hindi
तस्करों से जब्त ड्रग्स Image Source : REPORTER INPUT

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नेपाल, भारत और श्रीलंका से जुड़े एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 77.60 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 2 किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो कार, एक मोटरसाइकिल और एक मछली पकड़ने वाली नाव भी जब्त की गई है। अब तक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक श्रीलंकाई शरणार्थी भी शामिल है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्त भारत के विजन और केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देशों के तहत की गई।

एनसीबी की चेन्नई जोनल यूनिट ने हैदराबाद जोनल यूनिट के साथ मिलकर बहु-राज्यीय समन्वित ऑपरेशन चलाया। इस दौरान नेपाल से भारत और फिर श्रीलंका तक फैले ड्रग तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया।

नेपाल से भारत पहुंचाया चरस

विश्वसनीय सूचना के आधार पर 3 मार्च 2026 को एनसीबी हैदराबाद की टीम ने तेलंगाना में बेंगलुरु–हैदराबाद हाईवे पर रैकल टोल प्लाजा के पास एक टाटा सफारी स्टॉर्म कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खानों से 2 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इस मामले में दिल्ली निवासी एक व्यक्ति और उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह चरस और लगभग 78 किलोग्राम हैशिश ऑयल नेपाल के काठमांडू से सोनाौली भारत-नेपाल सीमा के जरिए भारत लाया गया था।

78 किलो हैशिश ऑयल बरामद

आरोपियों ने हैशिश ऑयल की खेप को तमिलनाडु के तूतीकोरिन में पहले ही पहुंचा दिया था, जहां से इसे समुद्री रास्ते से श्रीलंका भेजने की योजना थी। सूचना मिलने पर एनसीबी चेन्नई की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 78 किलोग्राम हैशिश ऑयल बरामद किया। इसके साथ ही नेटवर्क से जुड़े कुल गिरफ्तार लोगों की संख्या पांच हो गई। 

Smuggling boat
Image Source : REPORTER INPUTतस्करों की बोट

फिशिंग बोट भी जब्त

जांच में पता चला कि तस्कर तूतीकोरिन तट के पास समुद्र में मिड-सी ट्रांसफर के जरिए यह खेप श्रीलंका में मौजूद रिसीवर को देने वाले थे। इसके लिए एक फिशिंग बोट का इस्तेमाल किया जाना था। भारतीय तटरक्षक बल की सहायता से एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास संदिग्ध मछली पकड़ने वाली नाव को रोककर जब्त कर लिया, जिससे समुद्री मार्ग से होने वाली अंतरराष्ट्रीय तस्करी की कोशिश नाकाम कर दी गई।

श्रीलंका से जुड़ा मास्टरमाइंड

जांच में पता चला है कि इस नेटवर्क का अंतिम रिसीवर श्रीलंका में बैठा एक श्रीलंकाई नागरिक है, जिसने नेपाल से श्रीलंका तक ड्रग की खेप पहुंचाने के लिए वित्तीय मदद और समन्वय किया था। एनसीबी अब इस अंतरराष्ट्रीय गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान, वित्तीय लेनदेन और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए आगे की जांच कर रही है।

इस साल एनसीबी की बड़ी कार्रवाई

इस वर्ष की शुरुआत से अब तक एनसीबी चेन्नई ने करीब 973.35 किलोग्राम गांजा, 87.64 किलोग्राम हैशिश ऑयल और 1.045 किलोग्राम एम्फेटामिन जब्त किया है। इन मामलों में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त नशीले पदार्थों की कुल कीमत करीब 12.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। साथ ही इस साल पहले के मामलों में तीन केसों में आठ आरोपियों को सजा भी सुनाई जा चुकी है।

यह भी पढ़ें-

कांग्रेस ने अपने लोकसभा सदस्यों को जारी किया व्हिप, 9-11 मार्च के बीच उपस्थित रहने को कहा, जानिए वजह

'मिडिल ईस्ट में जो हो रहा है, वह बहुत असामान्य है..', अमेरिका-ईरान की जंग पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत