1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ऑक्टाफैक्स ट्रेडिंग घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड की लग्जरी याच, मिनी जेट समेत करोड़ों की संपत्ति अटैच

ऑक्टाफैक्स ट्रेडिंग घोटाले में ईडी का बड़ा एक्शन, मास्टरमाइंड की लग्जरी याच, मिनी जेट समेत करोड़ों की संपत्ति अटैच

 Reported By: Atul Bhatia Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jul 03, 2025 11:15 pm IST,  Updated : Jul 03, 2025 11:21 pm IST

प्रवर्तन निदेशालय की मुंबई जोनल टीम ने OctaFx फॉरेक्स ट्रेडिंग घोटाले की जांच के सिलसिले में करीब ₹131.45 करोड़ की संपत्तियां अटैच की हैं।

ईडी द्वारा जब्त की गई लग्ज़री याच- India TV Hindi
ईडी द्वारा जब्त की गई लग्ज़री याच Image Source : INDIA TV

मुंबईः ऑक्टाफैक्स फॉरेक्स ट्रेडिंग घोटाले में ईडी ने बड़ा एक्शन लेते हुए धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड पावेल प्रोज़ोरोव की स्पेन में लग्ज़री याच और मिनी जेट समेत 131 करोड़ की संपत्ति अटैच की है। इन संपत्तियों में स्पेन में एक लग्ज़री याच, मिनी जेट बोट, लग्ज़री कार और स्पेन में दो रिहायशी मकान शामिल हैं।   

ईडी की जांच में सामने आया है कि ऑक्टाफैक्स ने फर्जी ई-कॉमर्स कंपनियों के नाम से बैंक अकाउंट्स खुलवाए, जिनके डायरेक्टर्स भी फर्जी थे और दस्तावेज़ों में हेराफेरी की गई थी। इन्हीं अकाउंट्स के ज़रिए जनता से पैसे इकट्ठा किए गए और फिर उन्हें विदेशी खातों में भेज दिया गया।

 9 महीने में ऑक्टाफैक्स ने 800 करोड़ रुपये फ्रॉड किया

जांच में यह भी पता चला है कि सिर्फ 9 महीनों में ऑक्टाफैक्स ने भारत में करीब 800 करोड़ रुपये का फ्रॉड किया। ये पैसा ‘फर्जी सेवाओं के इम्पोर्ट’ के नाम पर स्पेन, एस्टोनिया, रूस, हांगकांग, सिंगापुर, UAE और UK की कंपनियों को ट्रांसफर किया गया, जो कि पावेल प्रोज़ोरोव के नियंत्रण में हैं।

स्पेन में मौजूद 19 प्रॉपर्टीज़ भी अटैच

जिन संपत्तियों को अटैच किया गया है, उनमें एक लग्जरी याच शामिल है जिसका नाम है “Cherry”। यह एक इटैलियन मॉडल की कॉमर्शियल याच है जो वेस्टर्न मेडिटरेनियन समुद्री इलाकों में क्रूज़ करती है। अब तक ईडी ने 296 करोड़ रुपये से ज़्यादा की संपत्तियां ज़ब्त और अटैच की हैं, जिसमें स्पेन में मौजूद 19 प्रॉपर्टीज़ भी शामिल हैं। इस मामले में OctaFx और 54 अन्य आरोपियों के खिलाफ दो चार्जशीट दाखिल की गई हैं, जिन्हें स्पेशल PMLA कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है।

धोखाधड़ी के निशान भी छिपाए

बता दें कि OctaFx एक अवैध विदेशी मुद्रा ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म है जिसे सोशल मीडिया, IPL और कुछ सेलिब्रिटीज के ज़रिए प्रमोट किया गया। इसकी वेबसाइट्स और लॉगिन URL बार-बार बदले जाते थे ताकि धोखाधड़ी के निशान छिपाए जा सकें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत