1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. किसान आज देशभर में निकालेंगे कैंडल मार्च, जानें आंदोलन से जुड़ी 10 अहम बातें

किसान आज देशभर में निकालेंगे कैंडल मार्च, जानें आंदोलन से जुड़ी 10 अहम बातें

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Feb 24, 2024 08:54 am IST,  Updated : Feb 24, 2024 08:54 am IST

किसान एमएसपी और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं। किसान आज देशभर में कैंडल मार्च निकालेंगे। वहीं किसान आंदोलन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गई है।

Farmers Protest- India TV Hindi
किसानों का प्रदर्शन Image Source : PTI

नई दिल्ली : अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसान आज देशभर में कैंडल मार्च निकालेंगे। वहीं दिल्ली कूच आंदोलन को किसानों ने 29 फरवरी तक टाल दिया है। हरियाणा-पंजाब सीमा पर खनौरी की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसूगैस के गोले दागे तथा दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को फिर झड़प हुई। यहां हम इस आंदोलन से जुड़ी 10 अहम बातों की चर्चा करेंगे।

  1. किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि आज कैंडल मार्च निकाला जाएगा, 25 फरवरी को किसानों से जुड़े मुद्दों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, 26 फरवरी को विश्व व्यापार संगठन और केंद्र सरकार के पुतले जलाए जाएंगे और संयुक्त किसान मोर्चा की कई बैठकें होंगी। 
  2. सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर आरोप लगाया गया है कि ‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे’ किसानों के अधिकारों का केंद्र एवं कुछ राज्यों द्वारा उल्लंघन किया जा रहा है। याचिका में दावा किया गया कि किसान संगठनों के प्रदर्शन के आह्वान के बाद केंद्र और कुछ राज्यों ने ‘धमकी’ दी है और राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं की किलाबंदी कर दी है। याचिका में उचित आदेश का अनुरोध किया गया है।
  3. संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने शुक्रवार को 'काला दिवस' मनाया। किसानों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के पुतले फूंके। हिंसा में मारे गये किसान शुभकरण सिंह के प्रति शोक व्यक्त करने के लिए 'एसकेएम ने 'काला दिवस' मनाने का आह्वान किया था। 
  4. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 1.89 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करते हुए कुछ फसल ऋणों पर ब्याज और जुर्माना माफ करने की घोषणा की। खट्टर ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए हैं और 14 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है। 
  5. खनौरी की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसूगैस के गोले दागे तथा दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को फिर झड़प हुई। 
  6. प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि बुधवार को झड़प के दौरान मारे गए शुभकरण सिंह का अंतिम संस्कार तब तक नहीं किया जाएगा जब तक पंजाब सरकार घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करती। 
  7. पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए शुभकरण सिंह के परिवार को पंजाब सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और छोटी बहन को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया।
  8. हरियाणा पुलिस ने यह भी कहा कि वह किसान आंदोलन का हिस्सा रहे कुछ किसान नेताओं के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के प्रावधानों को लागू करने के अपने फैसले को वापस ले रही है। 
  9. राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों को धैर्य रखना चाहिए और मुद्दे का समाधान जरूर निकलेगा।  हिंसा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है।
  10. पंजाब-हरियाणा की खनौरी सीमा पर डेरा डाले किसानों में से एक किसान की हार्ट अटैक से मौत हो गई। एक किसान नेता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि बठिंडा जिले के अमरगढ़ गांव निवासी दर्शन सिंह (62) की मौत हो गई है। 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत