1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पुलिसकर्मियों ने थाने में ही कर डाली चोरी, करीब 2 लाख की शराब और पंखों पर साफ किया हाथ, ASI समेत 5 गिरफ्तार

पुलिसकर्मियों ने थाने में ही कर डाली चोरी, करीब 2 लाख की शराब और पंखों पर साफ किया हाथ, ASI समेत 5 गिरफ्तार

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Nov 19, 2023 08:50 am IST,  Updated : Nov 19, 2023 08:50 am IST

गुजरात के महिसागर जिले के एक थाने में पुलिसकर्मियों द्वारा चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिसकर्मियों ने 1.97 लाख रुपए की जब्त शराब की बोतलें और पंखे चुराए हैं। इस मामले में 5 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है।

Gujarat Police - India TV Hindi
पुलिसकर्मियों ने थाने में ही कर डाली चोरी Image Source : REPRESENTATIVE PIC

लुनावाडा: पुलिस का काम चोरों को पकड़कर हवालात में बंद करना होता है लेकिन पुलिस ही अगर चोर बन जाए तो भी जनता के सामान की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। ताजा मामला गुजरात के महिसागर जिले का है, जहां पुलिसकर्मियों ने एक थाने से करीब 2 लाख रुपए की शराब और पंखे चोरी कर लिए। मामला सामने आने के बाद एक ASI, एक हेड कास्टेबल समेत 5 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। 

क्या है पूरा मामला?

गुजरात के महिसागर जिले के एक थाने से 1.97 लाख रुपए की जब्त शराब की बोतलें और पंखे चुराने के आरोप में एक एएसआई सहित पांच पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। पुलिस उपाधीक्षक पी.एस.वलवी ने बताया कि शराब की बोतलें और पंखे खानपुर तालुका के बकोर थाने में महिलाओं की हवालात में रखे गए थे। 

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 'बकोर पुलिस ने एक व्यक्ति से शराब की 482 बोतलें और 75 टेबल फैन जब्त किए थे। आरोपी व्यक्ति पंखों के बक्सों के पीछे छिपाकर गुजरात में शराब की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। चूंकि ऐसी वस्तुओं को रखने के लिए निर्धारित कमरा पूरा भरा हुआ था, इसलिए उन्हें महिला हवालात में रखा गया था।'

छठा आरोपी फरार

पुलिस ने बताया कि हवालात की सफाई के दौरान आईएमएफएल की बोतलों और पंखों के खाली और टूटे हुए डिब्बे मिले। अधिकारी के मुताबिक, एएसआई अरविंद खांट, हेड कांस्टेबल ललित परमार और तीन अन्य पुलिसकर्मियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 380 (चोरी) और अन्य प्रासंगिक अपराधों के तहत गिरफ्तार किया गया है। 

वलवी ने बताया कि मामले में छठा आरोपी फरार है, जो एक स्थानीय व्यक्ति है और उसने कथित तौर पर आरोपी पुलिसकर्मियों की मदद की थी। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत