1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमाचल में चलती बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, जानिए फिर क्या हुआ? हादसे के दौरान 40 यात्री थे सवार-VIDEO

हिमाचल में चलती बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, जानिए फिर क्या हुआ? हादसे के दौरान 40 यात्री थे सवार-VIDEO

 Published : May 03, 2026 03:55 pm IST,  Updated : May 03, 2026 04:10 pm IST

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है। हादसे के बाद का वीडियो भी सामने आया है।

हिमाचल में बस हादसा- India TV Hindi
हिमाचल में बस हादसा Image Source : REPORTER INPUT

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में नूरपुर क्षेत्र के न्याजपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब चंबा से ऊना जा रही एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 40 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह बस चंबा से ऊना की ओर जा रही थी और सुबह करीब 11 बजे नूरपुर पहुंचने के दौरान यह हादसा हुआ।

सड़क पर पलट गई बस

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस चालक को चलते समय अचानक हार्ट अटैक आ गया, जिससे वह नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। हालांकि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने टायर फटने की भी आशंका जताई है, लेकिन प्रशासन ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश चंबा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। 

गंभीर रूप से घायलों को दूसरे अस्पताल में किया गया रेफर

सभी घायलों को तुरंत नूरपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गंभीर रूप से घायल 4 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है।

तेज आवाज के साथ पलटी बस

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बस चालक सहित अधिकांश घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, कुछ मरीजों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एक घायल यात्री ने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी और अचानक एक तेज आवाज (धमाके) के बाद बस पलट गई, जिससे अंदर अफरा-तफरी मच गई।

रोड बाधित होने के बाद डायवर्ट किया गया रूट

हादसे के बाद बस सड़क पर पलटने से यातायात बाधित हो गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट किया और डिफेंस रोड के जरिए आवागमन सुचारु कराया। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद राजीव भारद्वाज, विधायक रणवीर सिंह निक्का और पूर्व विधायक अजय महाजन अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

कपिल ठाकुर की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत