1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नौगाम धमाके पर गृह मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस, DGP ने दी घटना की पूरी जानकारी

नौगाम धमाके पर गृह मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस, DGP ने दी घटना की पूरी जानकारी

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 15, 2025 10:39 am IST,  Updated : Nov 15, 2025 10:52 am IST

श्रीनगर के नौगांव पुलिस स्टेशन में शुक्रवार की देर रात धमाका हो गया। यहां विस्फोटक से नमूना लेते समय धमाका हो गया। इस मामले पर डीजीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके साथ ही गृह मंत्रालय की भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

गृह मंत्रालय और डीजीपी ने घटना पर दी जानकारी।- India TV Hindi
गृह मंत्रालय और डीजीपी ने घटना पर दी जानकारी। Image Source : REPORTER INPUT/ANI

श्रीनगर के नौगांव पुलिस स्टेशन में शुक्रवार की देर रात धमाका हो गया। यहां विस्फोटक से नमूना लेते समय धमाका हुआ। डीजीपी नलिन प्रभात ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। इसके अलावा गृह मंत्रालय ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। गृह मंत्रालय ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "नौगाम पुलिस ने ही डॉक्टर मॉड्यूल का खुलासा किया था। फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक थाने में रखे गए थे। फॉरेंसिंक जांच के दौरान धमाका हो गया। धमाके में 9 लोगों की मौत हो गई है। इसमें कोई आंतकी एंगल नहीं है, यह एक हादसा था।"  

दो दिनों से चल रही थी जांच

वहीं नौगाम में हुए ब्लास्ट पर जम्मू-कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात ने कहा, 'नौगाम थाने में दर्ज एफआईआर की जांच के दौरान, 9 और 10 नवंबर को फरीदाबाद से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ, रसायन और रीजेंट भी बरामद किए गए थे। यह बरामदगी, बाकी बरामदगी की तरह, पुलिस स्टेशन नौगाम के खुले क्षेत्र में सुरक्षित रूप से रखी गई थी।' उन्होंने कहा, 'बरामदगी के नमूनों को आगे की फॉरेंसिक और रासायनिक जांच के लिए भेजा जाना था। बरामदगी की भारी प्रकृति के कारण, एफएसएल टीम द्वारा यह प्रक्रिया पिछले 2 दिनों से, यानी कल और परसों से चल रही थी।'

हादसे में 9 की मौत

डीजीपी ने कहा, 'दुर्भाग्यवश, कल रात लगभग 11.20 बजे एक आकस्मिक विस्फोट हो गया। इस घटना के कारण के बारे में कोई अन्य अटकलें अनावश्यक हैं। इस घटना में 9 लोगों की जान चली गई है। एसआईए के 1 कर्मी, एफएसएल टीम के 3 कर्मी, 2 क्राइम सीन फोटोग्राफर, 2 राजस्व अधिकारी जो मजिस्ट्रेट की टीम का हिस्सा थे, 1 दर्जी जो टीम से जुड़े थे। इसके अलावा, 27 पुलिसकर्मी, 2 राजस्व अधिकारी और आसपास के इलाकों के 3 नागरिक घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।' 

आस-पास की इमारतें भी क्षतिग्रस्त

डीजीपी ने बताया कि, 'पुलिस स्टेशन की इमारत बहुत गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है और यहां तक ​​कि आस-पास की इमारतें भी प्रभावित हुई हैं। यह नुकसान कितना हुआ इसका पता लगाया जा रहा है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दुख की इस घड़ी में जम्मू-कश्मीर पुलिस मृतकों के परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है।

यह भी पढ़ें-

'वहां तो कयामत थी... धुआं था, लाशें थीं, सिर थे', श्रीनगर ब्लास्ट के चश्मदीद ने बयां किया घटना का मंजर

नूंह से हिरासत में लिए गए दो डॉक्टर, अल फलाह यूनिवर्सिटी से निकला कनेक्शन; जांच जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत