1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. भारी बारिश का दिखा तांडव, चंद सेकेंड में जमींदोज हो गया मकान; देखें डराने वाला VIDEO

भारी बारिश का दिखा तांडव, चंद सेकेंड में जमींदोज हो गया मकान; देखें डराने वाला VIDEO

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 09, 2026 11:31 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 11:56 am IST

भारी बारिश के बीच उत्तराखंड से एक खौफनाक वीडियो सामने आया है, जहां महज कुछ सेकेंड्स में एक घर भरभराकर गिर गया। इसके साथ ही, एक होटल का हिस्सा भी ढह गया।

भारी बारिश के कारण ढहा मकान- India TV Hindi
भारी बारिश के कारण ढहा मकान Image Source : REPORTER INPUT

इस समय देश भर में मॉनसून का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है। भारी बारिश के कारण कई राज्यों में हाहाकार मचा हुआ है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक, जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। सड़कें जलमग्न हैं और नदियां और नाले उफान पर हैं। इसके साथ ही, कई जगहों से लैंडस्लाइड की खबरें आ रही हैं, जिसके चलते इमारतें, मकान और होटल ढहने लगे हैं। इस बीच, उत्तराखंड से मूसलाधार बारिश का एक डरावना वीडियो सामने आया है, जहां लगातार हो रही बरसात के कारण एक होटल का हिस्सा और एक मकान ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गए।

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के सुरकंडा देवी कद्दूखाल से यह डराने वाला वीडियो सामने आया है। यहां भारी बारिश की वजह से एक होटल का हिस्सा और एक मकान ताश के पत्तों की तरह भरभराकर ढह गया। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि घटना के समय भवनों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। जगह-जगह पहाड़ दरकने और भवनों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों की चिंता भी बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न रुकें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पूरी तरह पालन करें। फिलहाल, पूरे पहाड़ी क्षेत्र में अलर्ट जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

बता दें कि उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार बेहद आक्रामक हो गई है। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को लिए देहरादून सहित प्रदेश के पांच जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में हुई जोरदार बारिश के बाद आज सुबह से ही कई इलाकों में आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बौछारें पड़ रही हैं। खतरे को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड पर मुस्तैद रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त एहतियाती कदम उठाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

(रिपोर्ट- हिमांशु कुशवाहा)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली-NCR में बारिश से हाहाकार, रेड अलर्ट हुआ जारी; जानिए UP-बिहार समेत इन राज्यों का मौसम अपडेट्स

झारखंड के स्कूल हॉस्टल में घुसा सांप, सो रही 4 छात्राओं को काटा; 1 की मौत, 1 की हालत नाजुक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत