1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. VIDEO: भारी बारिश के बीच नोएडा सेक्टर- 62 की iForte बिल्डिंग का हिस्सा ढहा, मलबे की जद में आईं गाड़ियां

VIDEO: भारी बारिश के बीच नोएडा सेक्टर- 62 की iForte बिल्डिंग का हिस्सा ढहा, मलबे की जद में आईं गाड़ियां

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Malaika Imam
 Published : Jul 09, 2026 10:34 am IST,  Updated : Jul 09, 2026 10:54 am IST

दिल्ली-NCR में लगातार तेज बारिश हो रही है। इस बीच, भारी बारिश के चलते नोएडा के सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया, जिसका वीडियो सामने आया है।

iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा ढहा- India TV Hindi
iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा ढहा Image Source : REPORTER INPUT

दिल्ली-NCR में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। यहां के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश के कारण दिल्ली-NCR में जलभराव और ट्रैफिक जाम से बुरा हाल है। इस बीच, नोएडा के सेक्टर-62 स्थित iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया।

iForte बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा अचानक ढहने से वहां अफरा-तफरी मच गई। ऊंचाई से गिरे भारी-भरकम मलबा सीधे नीचे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों पर भी गिरा। मलबे की चपेट में आने से नीचे खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं। यह पूरी घटना थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की है। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय मलबे की जद में कोई शख्स नहीं आया।

रोहिणी में 4 मंजिला इमारत गिरी, 3 की मौत

वहीं, दिल्ली के रोहिणी इलाके में निर्माणाधीन इमारत ढहने के बाद बुधवार रातभर चले बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो और शव बरामद किए गए। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस हादसे में एक मजदूर घायल हुआ है। बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढहने के बाद शुरू किया गया बचाव अभियान अब समाप्त हो गया है। 

पुलिस उपायुक्त (रोहिणी) शशांक जायसवाल ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "अभियान के दौरान एक मजदूर को मलबे से जीवित निकाला गया है और उसकी पहचान सद्दाम उर्फ रवि (32) के रूप में हुई है। वह फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।" उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान तीन शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान स्थानीय दर्जी राम (42), मजदूर काफे उर्फ नुरुल (24) और राम दुआ (62) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि राम दुआ इमारत के मालिक के पिता हैं। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि राम दुआ को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अन्य दो शवों को लंबे समय तक चले तलाश अभियान के बाद मलबे से बाहर निकाला गया। बयान में कहा गया है कि बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि, मलबा हटाने का काम जारी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे में कोई और तो नहीं फंसा है।

ये भी पढ़ें-

झारखंड के स्कूल हॉस्टल में घुसा सांप, सो रही 4 छात्राओं को काटा; 1 की मौत, 1 की हालत नाजुक

उत्तर कन्नड जिला में भीषण हादसा, ट्रक और क्रूजर के बीच टक्कर में 6 लोगों की मौत, 3 घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।