1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान, दिल्ली-NCR का मौसम भी हुआ सुहावना

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान, दिल्ली-NCR का मौसम भी हुआ सुहावना

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Aug 04, 2026 06:59 am IST,  Updated : Aug 04, 2026 08:42 am IST

अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। यूपी-बिहार और अरुणाचल प्रदेश में आज भारी बारिश हो सकती है।

बारिश के बीच जाते लोग- India TV Hindi
बारिश के बीच जाते लोग Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली, नोएडा समेत पूरे एनसीआर का मौसम सुहावना हो गया है। बीती रात हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार सुबह भी जारी है। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है और आकाश में काले बादल छाए हुए हैं। आकाश में काले बादल होने की वजह से दिन में अंधेरा सा दिख रहा है। आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।

मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली से सटे हरियाणा में झमाझम बारिश हो सकती है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी आज तेज बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ जगहों पर 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

इन राज्यों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने आज अरुणाचल प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश की संभावना है। अगले दो दिनों तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, झारखंड, केरल, माहे, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी मौसम के ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है। 

इन जगहों पर आंधी के साथ बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान लगाया है। 4-7 अगस्त के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है। बिजली कड़कने के साथ हवा की गति 30-40 किमी/घंटा हो सकती है। 4-9 अगस्त के दौरान मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि गुजरात, असम समेत कई राज्यों में भारी बारिश से कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं। 

घर में घुसा बाढ़ का पानी
Image Source : PTIघर में घुसा बाढ़ का पानी

यूपी के लोगों के भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि 6 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश की उम्मीद है। विभाग ने कहा कि 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे मौजूदा गर्म और उमस भरे मौसम से राहत मिलेगी। 

ये भी पढ़ेंः ओडिशा में बाढ़ का खतरा, हीराकुंड से छोड़ा गया पानी कटक पहुंचा; 10 जिले हाई अलर्ट पर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत