1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसमः घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, पंजाब में 3.6°C दर्ज हुआ तापमान, 12 राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

आज का मौसमः घने कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, पंजाब में 3.6°C दर्ज हुआ तापमान, 12 राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 13, 2025 07:54 am IST,  Updated : Dec 13, 2025 08:07 am IST

देश के कई राज्यों में शनिवार को घना कोहरा देखा गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान शीतलहर की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

कोहरे के बीच जाती महिला- India TV Hindi
कोहरे के बीच जाती महिला Image Source : PTI

नई दिल्लीः दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में ठंड बढ़ गई है। शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में मध्यम स्तर का कोहरा देखा गया। ठंडी हवाओं का असर सेंट्रल इंडिया और आस-पास के इलाकों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कुछ जगहों पर शीतलहर चलने की संभावना है।  

अगले 24 घंटे इन राज्यों में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार, 13 और 14 दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर शीतलहर की स्थिति रहने की बहुत संभावना है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, बिहार में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। 

कहां पर रहेगा घना कोहरा

13-17 तारीख के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, 13-15 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय, पंजाब, हरियाणा और 13 और 14 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की बहुत संभावना है। 13-15 तारीख के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

कहां पर कितना है तापमान

पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान में कई जगहों पर 5°-10°C की रेंज में दर्ज किया गया। पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तापमान तीन डिग्री तक नीचे गिर गया है। मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान पंजाब के आदमपुर में 3.6°C दर्ज हुआ। पहाड़ी राज्यों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे जा चुका है। 

यहां पर होगी बारिश और बर्फबारी

मौसम विभाग ने बताया कि 13 से 18 दिसंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुज़फ़्फ़राबाद और 14 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 13 से 14 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय ज़्यादातर जगहों पर हल्की धुंध और कुछ जगहों पर मध्यम धुंध रहेगी। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 से 24°C और 10 से 12°C के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। सुबह के समय सतह पर मुख्य हवा पूर्व दिशा से चलेगी, जिसकी गति 05 किमी प्रति घंटे तक  रहेगी। दोपहर में हवा की गति बढ़ेगी, और दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 किमी प्रति घंटे तक हो जाएगी। शाम और रात के दौरान हवा की गति कम हो जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत