1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश के इन राज्यों में अगले 5 दिन मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम, यहां जानें

देश के इन राज्यों में अगले 5 दिन मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम, यहां जानें

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Sep 10, 2025 05:05 pm IST,  Updated : Sep 10, 2025 05:13 pm IST

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी और मध्य भारत, उत्तर-पश्चिमी पहाड़ी राज्यों और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में लगातार बारिश होने की संभावना है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नई दिल्लीः उत्तर-पश्चिम भारत में ज्यादा बारिश नहीं होगी। यह कहना है आईएमडी के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव का। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 14 सितंबर के आसपास, हिमाचल प्रदेश में 13-14 सितंबर को और उत्तराखंड में 12 से 15 सितंबर के आसपास भारी बारिश होने की संभावना है। दक्षिण भारत में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी भारत में आगामी सप्ताह में भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। सिक्किम में बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 

अगले 24 घंटे के दौरान यहां होगी बारिश

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 10-16 सितंबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं, अगले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

तेज हवाएं चलने की भी संभावना

आईएमडी ने बताया कि 15 सितंबर तक बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में झमाझम बारिश हो सकती है। 11 सितंबर को झारखंड और 12 सितंबर को ओडिशा में भारी बारिश की संभावना है। 12-16 सितंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवाएं चल सकती है।

 दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटे से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। यहां न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस बीच, दिल्ली-एनसीआर में मौसम स्थिर रहने का अनुमान है।

बता दें कि पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश की वजह से पिछले दिनों बाढ़ आ गई। पंजाब में तो सभी जिले बाढ़ की चपेट में हैं। वहीं यमुना नदी का पानी जलस्तर बढ़ने से दिल्ली, यूपी के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत