1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 11 अक्टूबर का मौसमः दिल्ली में ठंड का आगमन, राजस्थान में 7 डिग्री तक गिरा तापमान, जानें आज कहां होगी बारिश

11 अक्टूबर का मौसमः दिल्ली में ठंड का आगमन, राजस्थान में 7 डिग्री तक गिरा तापमान, जानें आज कहां होगी बारिश

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 11, 2025 07:07 am IST,  Updated : Oct 11, 2025 07:15 am IST

देश के कई राज्यों में शनिवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं उत्तर भारत में सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी ने मौसम सुहावना बना दिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नई दिल्लीः उत्तर भारत में सर्दी का असर दिखने लगा है। दिल्ली-एनसीआर और गंगा के इलाकों में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। दिन में धूप और हल्की, ठंडी हवाएं मिलकर एक अलग ही सर्दी का माहौल बना रही हैं, जो दिवाली से काफी पहले ही सामान्य से पहले आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल पहाड़ों पर समय से पहले हुई बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ से चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोग अपने कंबल बाहर निकालने लगे हैं और एसी और कूलर समय से पहले ही बंद कर दिए हैं।

दिल्ली में ठंड का आगमन

मौसम विभाग के मुताबिक शीतकालीन मौसम में शुक्रवार को पहली बार दिल्ली में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जो ठंड के मौसम के आगमन का संकेत है। मौसम बदलने के साथ ही शहर में ठंडक का हल्का अहसास हुआ। दिल्ली में शुक्रवार को तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में 12 अक्टूबर को पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे था और उस दिन तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2023 में तीन अक्टूबर को ही दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा था। 

आईएमडी ने शनिवार के लिए आसमान साफ ​​रहने तथा न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।  

राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट 

राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी हवाओं के प्रभाव के कारण राजस्थान में तापमान कम हुआ है। विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से दो से सात डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के सभी भागों में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा।  

देश के किन हिस्सों में होगी बारिश

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 11 से 13 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और केरल में   हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 11 अक्टूबर को ओडिशा में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 11 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने की संभावना है। 11 अक्टूबर को नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

इन राज्यों से मानसून विदा

दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात के शेष भागों, महाराष्ट्र के कुछ भागों,मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों और बिहार के कुछ भागों से 10 अक्टूबर, 2025 को वापस चला गया है।

(भाषा इनपुट के साथ) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत