1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IMD Weather Update: दिल्ली वाले गर्मी के टॉर्चर के लिए रहें तैयार, जानें यूपी-बिहार समेत अन्य राज्यों के मौसम का हाल

IMD Weather Update: दिल्ली वाले गर्मी के टॉर्चर के लिए रहें तैयार, जानें यूपी-बिहार समेत अन्य राज्यों के मौसम का हाल

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : May 17, 2024 08:35 am IST,  Updated : May 17, 2024 02:48 pm IST

चुभती जलती गर्मी का मौसम आ चुका है। देश के विभिन्न राज्यों में भीषण गर्मी के साथ-साथ लू भी चल रही है। लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है। आइए जानते हैं शुक्रवार को कैसा रहने वाला है मौसम का हाल।

IMD Weather Update- India TV Hindi
IMD Weather Update Image Source : PTI

मई महीने में गर्मी की मार ने लोगों की हालत खराब कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि गुरुवार को को राजधानी दिल्ली का तापमान  42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 8 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आइए जानते हैं कि मौसम विभाग के मुताबिक विभिन्न राज्यों में कैसा रहने वाला है मौसम।

दिल्ली एनसीआर का हाल

आईएमडी ने पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है और कहा है कि अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सात दिन के लिए मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को राजधानी दिल्ली के अलग-अलग स्थानों पर लू चलने के आसार हैं। इस दौरान तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 

अपने शहर के मौसम का हाल जानने के लिए- यहां क्लिक करें

यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्‍तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से तापमान में कमी दिख रही थी। हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी चार-पांच दिनों में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। आगरा क्षेत्र में शुक्रवार से सोमवार तक लू चलने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, गोरखपुर में मौसम साफ रहेगा और तापमान 40 डिग्री तक रह सकता है। देवरिया और बस्ती में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। बिहार में शुक्रवार को तापमान 40 के पार रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो मई महीने में गर्मी से राहत की कम ही संभावना है। हालांकि, कुछ जिलों में छिटपुट बारिश देखी जा सकती है। 

अन्य राज्यों के मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तराखंड में भी गर्मी बढ़ने की संभावना है। हालांकि, देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। मध्य भारत और गुजरात में आने वाले 4-5 दिनों तक तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मध्‍य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ में तेज आंधी व आकाशीय बिजली का अलर्ट भी है। इसके अलावा पंजाब, गुजरात और महाराष्‍ट्र के कई हिस्‍सों में भी लू चलने का पूर्वानुमान है।

ये भी पढ़ें- Char Dham Yatra 2024: चारधाम जाने वाले यात्रियों के लिए अलर्ट, रील्स-वीडियो बनाने पर लगी पाबंदी, वीआईपी दर्शन पर लगी रोक

ओडिशा : BJD समर्थकों के साथ झड़प में BJP के एक कार्यकर्ता की मौत, सात अन्य घायल, सीएम पटनायक ने की घटना की निंदा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत