1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली, यूपी, बिहार समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी, मुंबई में झमाझम बारिश, जानें मौसम का हाल

दिल्ली, यूपी, बिहार समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी, मुंबई में झमाझम बारिश, जानें मौसम का हाल

 Published : Jun 14, 2024 09:26 am IST,  Updated : Jun 14, 2024 09:40 am IST

IMD Weather Update: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में जहां लू का कहर जारी है वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में झमाझम बारिश हो रही है।

Weather update- India TV Hindi
कहीं लू का कहर तो कहीं बारिश Image Source : PTI/ANI

नई दिल्ली: उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी है। लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई और आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। वहीं राजधानी दिल्ली में लू का कहर जारी है। भीषण गर्मी के चलते दिल्ली के लोगों को पानी और बिजली की किल्लत का भी सामना करना पड़ रहा है।

अभी जारी रहेगा लू का कहर

मौस विभाग के अनुमानों के मुताबिक 14 से 16 जून के बीच उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू का कहर जारी रहेगा। वहीं पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड में 14 और 15 जून को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले पांच दिन लू चलेगी। उत्तर पश्चिमी राजस्थान, उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी भीषण गर्मी पड़ेगी।

मुंबई में झमाझम बारिश

वहीं दूसरी ओर मुंबई में झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, गोवा,ओडिशा के कुछ हिस्सों बारिश का अनुमान जताया है। आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, कर्नाटक, पूर्वोत्तर भारत,सिक्किम, दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिणी गुजरात और जम्मू-कश्मीर में हल्की से लेकर मध्यम बारिश का अनुमान है। उधर मुंबई में हाई टाइड को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। शाम 5 बजकर 46 मिनट पर समंदर में 3.62 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं।

सामान्य से चार प्रतिशत कम बारिश

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि इस मानसून के पहले 12 दिनों में देशभर में हुई कुल बारिश सामान्य से चार प्रतिशत कम रही तथा उत्तर-पश्चिम भारत में 53 प्रतिशत कम बारिश हुई। दूसरी ओर, दक्षिणी भारत में एक से 12 जून की अवधि के दौरान सामान्य से 60 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग ने कहा कि 19 जून के करीब दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत