1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Today's Weather: कहीं लू, कहीं बारिश... UP-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके राज्य में मौसम का हाल

Today's Weather: कहीं लू, कहीं बारिश... UP-बिहार समेत 12 राज्यों में बारिश का अलर्ट, जानें आपके राज्य में मौसम का हाल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Mar 12, 2026 07:47 am IST,  Updated : Mar 12, 2026 07:52 am IST

Today's Weather: मौसम विभाग ने 12 राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राजधानी दिल्ली में आज और कल मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि 14 मार्च को हल्के बादल छा सकते हैं।

फिर बदलेगा मौसम का मिजाज- India TV Hindi
फिर बदलेगा मौसम का मिजाज Image Source : FILE (ANI)

Today's Weather: देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और गर्मी का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। इस बीच, मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में भीषण गर्मी पड़ सकती है, जबकि एक नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण कई क्षेत्रों में बारिश भी देखने को मिल सकती है।

12 राज्यों में बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 14 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो सकता है। इसके प्रभाव से उत्तर भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मौसम करवट ले सकता है। इस सिस्टम के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय सहित करीब 12 राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना

अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मार्च के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के बीच कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों में गरज-चमक और ओलावृष्टि

पहाड़ी क्षेत्रों में भी मौसम में बदलाव देखा जा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 मार्च को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अनुमान है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में 11 मार्च को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में मौसम का हाल

देश की राजधानी दिल्ली में फिलहाल मौसम साफ रहने का अनुमान है। आज और कल आसमान साफ रहेगा, जबकि 14 मार्च को हल्के बादल छा सकते हैं। तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और शाम के समय करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

यूपी में गर्मी, कोहरे का असर

उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और कई इलाकों में सुबह घना कोहरा भी देखने को मिला, जिससे दृश्यता 50 मीटर से कम हो गई। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 15 और 16 मार्च को कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

बिहार में भी मौसम बदलेगा

बिहार में भी लगातार तापमान बढ़ने से गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14 से 16 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

गुजरात में हीट वेव का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में 11 से 13 मार्च के बीच भीषण हीट वेव की स्थिति बन सकती है। सौराष्ट्र और कच्छ के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान भी तेज गर्मी और लू का असर देखा गया।

ये भी पढ़ें-

"20 साल से फारूक अब्दुल्ला को मारना चाहता था", पुलिस पूछताछ में हमलावर ने किया खुलासा, कहा- मौका मिला, लेकिन...

नोएडा में दो जगहों पर लग गई भीषण आग, कई कर्मचारियों के फंसे होने की सूचना, दमकल की गाड़ियां मौके पर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत