नई दिल्ली: भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस संबंध में कहा कि भारत, अफगानिस्तान के क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा करता है। इन हमलों में नागरिकों की मौत हुई और रिहायशी इलाकों में बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं उन्होंने इसे पाकिस्तान की आक्रामकता भरी कार्रवाई करार दिया।
इस बयान के मुताबिक यह पाकिस्तान की ओर से एक और हमला है जो एक संप्रभु अफगानिस्तान के विचार के खिलाफ है। भारत इस बात को दोहराता है कि अफगानिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का पूरी तरह से सम्मान होना चाहिए।
बता दें कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना पर काबुल और देश के अन्य क्षेत्रों में रात भर चले हवाई हमलों में आम लोगों के घरों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। तालिबान ने कहा कि इन हमलों में कम से कम छह नागरिक मारे गए और कई अन्य घायल हुए। दोनों पड़ोसी देशों के बीच लड़ाई का यह तीसरा सप्ताह है।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्ला मुजाहिद के मुताबिक पाकिस्तान के विमान ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित प्राइवेट एयरलाइन 'काम एयर' से संबंधित ईंधन डिपो पर भी हमला किया। उन्होंने कहा, ''यह कंपनी नागरिक विमानों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमान को ईंधन की आपूर्ति करती है।'' इस बीच, पाकिस्तान के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि देश के सशस्त्र बलों ने चलाए जा रहे अभियान के तहत 'अफगानिस्तान के अंदर सफल हवाई हमले' किए, जिसमें अफगानिस्तान में कथित तौर पर चार आतंकवादी ठिकानों और उनके सहायक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
ये घटनाक्रम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है, जिसे पाकिस्तान ने 'खुला युद्ध' करार दिया है। इससे क्षेत्र में स्थिरता को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं, क्योंकि अमेरिका और इजराइल का ईरान के खिलाफ चल रहा युद्ध लगातार जारी है, जिससे व्यापक अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। इस विवाद की वजह ये है कि पाकिस्तान यह मानता है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार उन आतंकवादी समूहों को पनाह दे रही है जो उसके खिलाफ हमले करते हैं।
संपादक की पसंद