1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. युद्ध की आशंका के बीच भारत कल करेगा पाकिस्तान बॉर्डर के पास हवाई युद्धाभ्यास, NOTAM जारी

युद्ध की आशंका के बीच भारत कल करेगा पाकिस्तान बॉर्डर के पास हवाई युद्धाभ्यास, NOTAM जारी

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 06, 2025 06:50 pm IST,  Updated : May 06, 2025 07:29 pm IST

भारत ने 07-08 मई को भारत-पाक सीमा के दक्षिणी भाग पर बड़े पैमाने पर होने वाले हवाई अभ्यास के लिए NOTAM जारी किया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

नई दिल्लीः पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है। युद्ध की आशंका के बीच भारतीय वायुसेना भारत-पाक सीमा के दक्षिणी भाग पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले का अभ्यास करेगी। ये एयर एक्सरसाइज बुधवार और गुरुवार को होगा। 

बुधवार रात को 9:30 बजे शुरू होगा युद्धाभ्यास

जानकारी के अनुसार, भारत ने भारत-पाकिस्तान सीमा के दक्षिणी भाग पर 7 और 8 मई को होने वाले बड़े पैमाने के हवाई अभ्यास के लिए एयरमेन को नोटिस (NOTAM) जारी किया है। यह युद्धाभ्यास भारत की नियमित अभ्यास का हिस्सा है, जिसमें भारतीय वायु सेना (IAF) राजस्थान में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर युद्धाभ्यास करेगी। NOTAM के अनुसार, यह हवाई युद्धाभ्यास 7 मई को रात 9:30 बजे शुरू होगा और 8 मई को सुबह 3:00 बजे तक जारी रहेगा। इससे प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी जहाज और ड्रोन के उड़ने पर पाबंदी रहेगी। 

राफेल, सुखोई और मिराज जैसे कई लड़ाकू विमान करेंगे युद्धाभ्यास

भारतीय वायुसेना अधिकारी के एक अधिकारी ने कहा कि एयरफोर्स 7 मई से राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर रेगिस्तानी क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में युद्धाभ्यास करेगी जिसमें राफेल, मिराज 2000 और सुखोई-30 सहित सभी अग्रणी फाइटर जेट शामिल होंगे। युद्धाभ्यास का समय और स्थान महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस क्षेत्र में हाल ही में सीमा पार की घटनाओं के बाद तनाव बढ़ गया है। 

पाकिस्तान के लिए भारत का हवाई क्षेत्र बंद

अभी हाल में ही भारत ने बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान के सभी विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। प्रतिबंध 23 मई, 2025 तक प्रभावी रहेगा। इसी तरह, पाकिस्तान ने इस्लामाबाद और लाहौर के ऊपर अस्थायी नो-फ्लाई ज़ोन घोषित कर दिया है। उसे भारत के संभावित हवाई हमले का डर है।

नियंत्रण रेखा पर बढ़ा तनाव

जम्मू और कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, भारत ने पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू की है।  नौशेरा, सुंदरबनी और बारामुल्ला जैसे क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पाकिस्तान गोलीबारी कर रहा है। 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत