1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. World Population Day: अब आबादी के मामले में चीन को पछाड़ देगा भारत, 2023 तक हो जाएगी इतने अरब

World Population Day: अब आबादी के मामले में चीन को पछाड़ देगा भारत, 2023 तक हो जाएगी इतने अरब

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Jul 11, 2022 05:01 pm IST,  Updated : Jul 11, 2022 06:49 pm IST

भारत के 2023 में दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकलने का अनुमान है। रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में भारत की आबादी 1.412 अरब है, जबकि चीन की आबादी 1.426 अरब है।

World Population Day- India TV Hindi
World Population Day Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • 2030 में लगभग 8.5 अरब तक बढ़ सकती है दुनिया की जनसंख्या
  • भारत 2023 तक दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन को पछाड़ देगा
  • भारत की आबादी अनुमान के मुताबिक 2050 में 1.668 अरब होगी

World Population Day: भारत के अगले साल दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकल जाने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक रिपोर्ट में सोमवार को यह जानकारी दी गई है। यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन डिवीजन के आर्थिक और सामाजिक मामलों के विभाग द्वारा ‘वर्ल्ड पॉपुलेशन प्रोस्पेक्ट 2022’ में कहा गया कि ग्लोबल पॉपुलेशन 15 नवंबर, 2022 को आठ अरब तक पहुंचने का अनुमान है। ग्लोबल पॉपुलेशन 1950 के बाद से सबसे धीमी गति से बढ़ रही है, और 2020 में यह एक प्रतिशत से कम हो गई है।

2030 में लगभग 8.5 अरब तक बढ़ सकती है दुनिया की जनसंख्या

संयुक्त राष्ट्र के नए अनुमानों से पता चलता है कि दुनिया की जनसंख्या 2030 में लगभग 8.5 अरब और 2050 में 9.7 अरब तक बढ़ सकती है। अनुमान के मुताबिक इसके 2080 के दौरान लगभग 10.4 अरब लोगों की आबादी के साथ ही शिखर पर पहुंचने और वर्ष 2100 तक उसी स्तर पर बने रहने का अनुमान है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने कहा, “इस वर्ष का विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) एक ऐसे वर्ष के दौरान आता है, जब हम पृथ्वी के आठ अरबवें निवासी के जन्म की उम्मीद कर रहे हैं। यह हमारी विविधता का जश्न मनाने, हमारी समान मानवता को पहचानने और स्वास्थ्य में प्रगति पर आश्चर्य करने का अवसर है जिसने जीवन प्रत्याशा को बढ़ाया है और नाटकीय रूप से मातृ एवं बाल मृत्यु दर में कमी आई है।”

रिपोर्ट में कहा गया है, “भारत के 2023 के दौरान दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकलने का अनुमान है।” इसके मुताबिक, 2022 में दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले क्षेत्र पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी एशिया थे, जहां 2.3 अरब लोग रह रहे हैं, जो वैश्विक आबादी के 29 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करते हैं।

सबसे ज्यादा आबादी वाले देश हैं चीन और भारत
वहीं, मध्य और दक्षिणी एशिया की आबादी 2.1 अरब है जो कुल ग्लोबल पॉपुलेशन के 26 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करती है। चीन और भारत इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा आबादी वाले देश हैं। इन दोनों देशों की आबादी 2022 में 1.4 अरब से अधिक है। ग्लोबल पॉपुलेशन में 2050 तक अनुमानित वृद्धि की आधे से अधिक आबादी सिर्फ आठ देशों डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, मिस्र, इथियोपिया, भारत, नाइजीरिया, पाकिस्तान, फिलीपींस और तंजानिया में केंद्रित होगी। रिपोर्ट, “दुनिया के सबसे बड़े देशों में असमान जनसंख्या वृद्धि दर आकार के अनुसार उनकी रैंकिंग को बदल देगी। उदाहरण के लिए, भारत के 2023 में दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन से आगे निकलने का अनुमान है।” रिपोर्ट के मुताबिक 2022 में भारत की आबादी 1.412 अरब है, जबकि चीन की आबादी 1.426 अरब है।

2023 तक चीन को पछाड़ देगा भारत
भारत 2023 तक दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में चीन को पछाड़ देगा, और उसकी आबादी अनुमान के मुताबिक 2050 में 1.668 अरब होगी, जो सदी के मध्य तक चीन की एस्टीमेटेड 1.317 अरब आबादी से बहुत आगे है। रिपोर्ट में अनुमान व्यक्त किया गया कि दस देशों से 2010 और 2021 के बीच 10 लाख से अधिक लोग बाहर गए। इनमें पाकिस्तान (2010-21 के बीच एक करोड़ 65 लाख लोग), भारत (35 लाख लोग), बांग्लादेश (29 लाख लोग), नेपाल (16 लाख लोग) और श्रीलंका (10 लाख लोग) शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत