1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान ने श्रीलंका का नाम लेकर की नापाक हरकत, भारत ने करारा जवाब देते हुए कही ये बात

पाकिस्तान ने श्रीलंका का नाम लेकर की नापाक हरकत, भारत ने करारा जवाब देते हुए कही ये बात

 Published : Dec 02, 2025 08:54 pm IST,  Updated : Dec 02, 2025 08:54 pm IST

भारत ने पाकिस्तान के उस दावे को झूठा बताया जिसमें कहा गया था कि भारत ने श्रीलंका के लिए पाकिस्तानी राहत विमान को उड़ान अनुमति देने में देरी की। भारत ने 4.5 घंटे में अनुमति देने की पूरी टाइमलाइन साझा की। सोशल मीडिया पर एक्सपायरी डेट वाले राहत सामान को लेकर पाकिस्तान की किरकिरी भी हुई।

India Pakistan dispute, Sri Lanka floods aid, overflight clearance controversy- India TV Hindi
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल। Image Source : ANI

नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान की एक और नापाक हरकत का करारा जवाब दिया है। दरअसल, भारत ने पाकिस्तान के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि भारत ने श्रीलंका के बाढ़ पीड़ितों के लिए पाकिस्तान का राहत सामान ले जा रहे विमान को हवाई मार्ग की इजाजत देने में देरी की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को साफ कहा कि पाकिस्तान का बयान महज 'भारत विरोधी अफवाह' फैलाने की एक और कोशिश है। उन्होंने कहा कि भारत ने महज कुछ ही घंटों के अंदर पाकिस्तानी विमान को हवाई मार्ग की इजाजत दे दी थी।

'पाकिस्तान का बयान हास्यास्पद'

जायसवाल ने पूरी समयरेखा बताते हुए कहा, 'पाकिस्तान की तरफ से 1 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के जरिए ओवरफ्लाइट क्लियरेंस का अनुरोध मिला था। श्रीलंका में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने उसी दिन शाम 5:30 बजे (यानी महज 4½ घंटे में) अनुमति दे दी। पाकिस्तान ने जो उड़ान योजना भेजी थी, उसी के मुताबिक इजाजत दी गई। पाकिस्तान का बयान बिल्कुल बे-बुनियाद और हास्यास्पद है। यह भारत विरोधी गलत जानकारी फैलाने की एक और नाकाम कोशिश है।'

क्या था पाकिस्तान का दावा?

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि 'भारत श्रीलंका के लिए पाकिस्तान की इंसानी मदद को रोक रहा है' और उनका विमान '60 घंटे से ज्यादा वक्त से इंतजार कर रहा है'। पाकिस्तान ने यह भी कहा कि भारत ने जो आंशिक इजाजत दी, वह 'व्यावहारिक रूप से बेकार' थी क्योंकि सिर्फ कुछ घंटे के लिए थी और वापसी की उड़ान के लिए वैध नहीं थी।

सोशल मीडिया पर बेइज्जत हुआ पाकिस्तान

इसी बीच पाकिस्तान के श्रीलंका स्थित हाई कमीशन ने राहत सामान की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा था, 'पाकिस्तान से राहत पैकेज सफलतापूर्वक पहुंचाए जा चुके हैं। यह हमारे श्रीलंकाई भाइयों-बहनों के साथ अटूट एकजुटता का प्रतीक है।' लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने तस्वीरों में दिख रहे सामान पर अक्टूबर 2024 की एक्सपायरी डेट देख ली। इसके बाद पाकिस्तान की खूब खिंचाई हुई।

श्रीलंका में बेहद खराब हैं हालात

बता दें कि चक्रवाती तूफान ‘Ditwah’ के कारण श्रीलंका में भारी तबाही हुई है। बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 410 लोगों की मौत हो चुकी है, 336 लोग अभी भी लापता हैं। 16 नवंबर से अब तक लाखों लोग प्रभावित हैं। भारत ने तुरंत मदद के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया है। राहत सामग्री, बचाव दल और जरूरी उपकरण प्रभावित इलाकों में पहुंचाए जा रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'भारत हर मुश्किल घड़ी में श्रीलंका के साथ खड़ा रहा है और आगे भी खड़ा रहेगा।' (ANI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत