1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 8 साल पहले बंगाल की खाड़ी के ऊपर गायब हो गया था भारतीय वायु सेना का विमान, अब चला पता

8 साल पहले बंगाल की खाड़ी के ऊपर गायब हो गया था भारतीय वायु सेना का विमान, अब चला पता

 Reported By: Manish Prasad Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jan 12, 2024 04:31 pm IST,  Updated : Jan 12, 2024 04:56 pm IST

भारतीय वायुसेना का विमान एएन-32 वर्ष 2016 में बंगाल की खाड़ी के ऊपर अचानक लापता हो गया था। करीब 8 साल बाद अब उस विमान का मलबा मिल गया है।

IAF, Plane- India TV Hindi
भारतीय वायुसेना का विमान Image Source : FILE

नई दिल्ली:  बंगाल की खाड़ी के ऊपर 8 साल पहले लापता हुए भारतीय वायुसेना के विमान एएन-32 का पता चल गया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशन टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने काफी मशक्कत और तकनीकों का प्रयोग कर विमान के मलबे का पता लगा लिया है। विमान का मलबा समंदर में करीब 3400 मीटर की गहराई में पड़ा हुआ है। 

22 जुलाई 2016 को लापता हुआ था विमान

22 जुलाई 2016 को भारतीय वायुसेना का यह विमान एक ऑपरेशनल मिशन के दौरान लापता हो गया था। विमान में कुल 29 लोग सवार थे। यह विमान अचानक लापता हो गया था। समंदर में चले लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद भी विमान का कुछ पता नहीं चल पाया। अब नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशन टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने विमान के मलबे का पता लगा लिया है। 

उच्च तकनीकी से लैस एयूवी ने मलबे का पता लगाया

मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंस के अंतर्गत काम करनेवाले नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशन टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने एएन-32 विमान के लापता होने वाली जगह पर गहरे समुद्र में एक ऑटोनोमनस अंडर वाटर वाहन (एयूवी) को तैनात किया। यह विशेष तकनीकी क्षमताओं से लैस वाहन है। मल्टी बीम सोनार, सिंथेटिक एपर्चर सोनार और उच्च रिज़ॉल्यूशन फोटोग्राफी सहित कई पेलोड का उपयोग करके अंतत: समंदर के अंदर 3400 मीटर की गहराई पर दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे का पता चला। 

चेन्नई तट से करीब 310 किमी की दूरी पर मिला मलबा

बंगाल की खाड़ी में जिस जगह पर मलबा मिला वह चेन्नई के तट से करीब 310 किमी की दूरी पर स्थित है। तमाम विश्लेषण के बाद यह पता चला कि यह मलबा दुर्घटनाग्रस्त विमान एएन-32 का है। क्योंकि उस इलाके में किसी और विमान के दुर्घटनाग्रस्त या लापता होने की कोई रिपोर्ट नही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत