1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. तवांग की घटना पर सेना का पहला रिएक्शन, जानिए पूर्वी कमान के प्रमुख ने क्या कहा

तवांग की घटना पर सेना का पहला रिएक्शन, जानिए पूर्वी कमान के प्रमुख ने क्या कहा

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Dec 16, 2022 11:31 am IST,  Updated : Dec 16, 2022 11:00 pm IST

भारतीय सेना की पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने कहा कि तवांग में चीन की सेना ने घुसपैठ की कोशिश की लेकिन भारतीय सैनिकों ने उन्हें रोक दिया। फिलहाल तवांग में हालात कंट्रोल में है।

लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता, पूर्वी कमान- India TV Hindi
लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता, पूर्वी कमान Image Source : एएनआई

नई दिल्ली : तवांग में चीनी सेना (पीएलए) के साथ हुई झड़प पर पहली बार सेना की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। सेना की पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता ने कहा कि तवांग में हालात नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि चीनी सैनिकों ने वास्तविक नियंत्रण रेखा को पार किया। भारतीय सेना ने चीनी सेना की इस हरकत का विरोध किया। इस विरोध के दौरान झड़प हुई और दोनों तरफ के सैनिकों को चोटें आईं है। 

सेना हर हालात से निपटने के लिए तैयार- ले. जन. कलिता

लेफ्टिनेंट जनरल कलिता ने कहा कि स्थानीय स्तर पर बुमला में दोनों सेनाओं की फ्लैग मीटिंग हुई और हालात को कंट्रोल में किया गया। फिलहाल तवांग में हालात नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना हमेशा अपने देश की रक्षा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि शांति हो या संघर्ष, प्राथमिक कार्य बाहरी या आंतरिक खतरे के खिलाफ देश की क्षेत्रीय अखंडता को सुनिश्चित करना है।उन्होंने कहा कि सेना हर हालात से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

बता दें कि 9 दिसंबर को तवांग के यांग्त्से क्षेत्र मेंचीनी सैनिकों की ओर से एलएसी पर अतिक्रमण कर यथास्थिति को एकतरफा बदलने की कोशिश की गई। इस बीच भारतीय सेना ने चीनी सैनिकों का डटकर मुकाबला किया और उन्हें अपनी पोस्ट पर जाने के लिए  मजबूर कर दिया। दोनों सेनाओं के बीच हुई झड़प में दोनों देशों के सैनिक घायल हुए हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदन को यह बताया था कि झड़प में किसी सैनिक को गंभीर चोट नहीं आई है। कुछ सैनिक मामूली रूप से घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत