1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया ने जीता महिला टी20 एशिया कप का खिताब, फाइनल में श्रीलंका महिला टीम को 72 रनों से हराया

टीम इंडिया ने जीता महिला टी20 एशिया कप का खिताब, फाइनल में श्रीलंका महिला टीम को 72 रनों से हराया

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Sep 13, 2026 11:22 pm IST,  Updated : Sep 14, 2026 12:28 am IST

वुमेंस एशिया कप 2026 का फाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने 184 रन का टारगेट रखा था।

Indian Women Team- India TV Hindi
भारतीय महिला टीम Image Source : PTI

वुमेंस एशिया कप 2026 का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर 8वीं बार एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 111 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। श्रीलंका की तरफ से इस मैच में कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए।

भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने लगाया अर्धशतक

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टीम को बहुत शानदार शुरुआत दिलाई और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 129 रनों की बड़ी साझेदारी हुई। शेफाली ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके बाद स्मृति मंधाना भी 39 गेंदों पर 59 रन (5 चौके, 3 छक्के) बनाकर आउट हो गईं।

शुरुआत में जिस तरह दोनों बल्लेबाजी कर रही थीं, उसे देखकर लग रहा था कि भारत 200 रनों का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगा। लेकिन पहला विकेट गिरते ही भारतीय पारी अचानक लड़खड़ा गई। टीम ने सिर्फ 54 रनों के अंदर अपने अगले 4 विकेट गंवा दिए। ऋचा घोष ने 17 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 14 रन बनाए, जबकि जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजों ने मैच में अच्छी वापसी की और मिताली अयोध्या, चमारी अट्टापट्टू और चामुदी प्रबोदा ने 1-1 विकेट चटकाया।

भारतीय गेंदबाजों के सामने श्रीलंका ने टेके घुटने

टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सिर्फ 4 रन के स्कोर पर टीम को पहला झटका लगा, जब इमेशा दुलानी 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। इसके बाद चमारी अट्टापट्टू और विश्मी गुनारत्ने के बीच दूसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी हुई। अट्टापट्टू 32 बॉल पर 36 रन बनाकर आउट हो गई। उनका विकेट गिरने के साथ ही श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई। विश्मी गुनारत्ने ने 20 और नीलाक्षी सिल्वा ने 22 रन का योगदान दिया। लेकिन उनकी ये पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी। भारत की तरफ से श्री चरनी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके।

यह भी पढ़ें 

शेफाली वर्मा ने ध्वस्त किया स्मृति मंधाना का रिकॉर्ड, महिला टी20 एशिया कप में लगाई सबसे तेज फिफ्टी

अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, टी20 क्रिकेट में 6000 रन पूरे करने वाले बने सबसे तेज भारतीय खिलाड़ी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल