1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Jammu Kashmir: डीजी हेमंत लोहिया का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, हत्या में कोई आतंकी एंगल नहीं

Jammu Kashmir: डीजी हेमंत लोहिया का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार, हत्या में कोई आतंकी एंगल नहीं

 Published : Oct 05, 2022 08:54 pm IST,  Updated : Oct 05, 2022 08:54 pm IST

Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (कारागार) हेमंत कुमार लोहिया का बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

JK DG Hemant Lohia cremated with state honors- India TV Hindi
JK DG Hemant Lohia cremated with state honors Image Source : ANI

Highlights

  • डीजी हेमंत कुमार लोहिया का अंतिम संस्कार
  • पूरे राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन
  • परिवार के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे

Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (कारागार) हेमंत कुमार लोहिया का बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिवार के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। दो दिन पहले लोहिया के घरेलू सहायक ने कथित तौर पर उनकी हत्या कर दी थी। इस बीच, पुलिस ने कहा कि हत्या के मामले की जांच के दौरान कोई आतंकी पहलू सामने नहीं आया है। 

गला रेता गया और शरीर पर जलने के निशान 

जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खुलासे का जमीनी स्तर की जांच से सत्यापन किया जा रहा है। साल 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी लोहिया (52) सोमवार देर रात शहर के बाहरी इलाके में अपने उदयवाला निवास पर मृत मिले थे। उनका गला रेता गया था और उनके शरीर पर जलने के निशान थे। लोहिया की हत्या के मामले में उनके घरेलू सहायक यासिर लोहार (23) को मंगलवार को कान्हाचक इलाके के एक खेत से गिरफ्तार किया गया था। 

जांच में कोई आतंकी एंगल नहीं मिला
एडीजीपी ने एक बयान में कहा, ‘‘लोहिया की हत्या के मामले की जांच के दौरान कोई आतंकी पहलू सामने नहीं आया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खुलासे का जमीनी स्तर की जांच से सत्यापन किया जा रहा है।’’ अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद बुधवार सुबह लोहिया का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके परिवार को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार से पहले यहां जिला पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों समेत सैकड़ों लोगों ने लोहिया को श्रद्धाजंलि दी। 

PAFF ने हत्या की जिम्मेदारी ली
पुष्पांजलि समारोह में लोहिया की पत्नी मधु लोहिया, बेटी और बेटे सहित उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे। पुष्पांजलि समारोह के बाद अधिकारी के पार्थिव शरीर को जोगी गेट श्मशान घाट ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। आतंकी समूह पीपुल्स एंटी-फासिस्ट फ्रंट (पीएएफएफ) ने लोहिया की हत्या की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, मंगलवार को अपराध स्थल का दौरा करने वाले पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने संवाददाताओं से कहा था, ‘‘ये आतंकवादी समूह बेशर्मी से किसी भी चीज की जिम्मेदारी ले लेते हैं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत