1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. UPSC रिजल्ट: टॉप 10 में एक ऐसा शख्स, जिसके घर के चारों ओर है आतंकियों का खौफ!

UPSC रिजल्ट: टॉप 10 में एक ऐसा शख्स, जिसके घर के चारों ओर है आतंकियों का खौफ!

 Written By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 23, 2023 05:53 pm IST,  Updated : May 23, 2023 08:46 pm IST

टॉप-10 में शामिल जम्मू-कश्मीर के युवक का नाम वसीम अहमद भट है, जिसने 7वीं रैंक हासिल की है। वसीम अहमद भट आतंक प्रभावित जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के रहने वाले हैं।

वसीम अहमद भट- India TV Hindi
वसीम अहमद भट Image Source : SOCIAL MEDIA

संघ लोक सेवा आयोग यानी UPSC ने 2022 सिविल सेवा परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं। सिविल सेवा परीक्षा 2022 के नतीजों में इशिता किशोर ने टॉप किया है। वहीं, गरिमा लोहिया और उमा हरति एन ने इस परीक्षा में दूसरी और तीसरी रैंक हासिल की है। कुल 933 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। यूपीएससी के टॉपर्स में जम्मू-कश्मीर के एक युवक ने भी टॉप-10 में रैंक हासिल की है। 

साई-फाई टीवी शोज देखने के शौकीन वसीम 

टॉप-10 में शामिल जम्मू-कश्मीर के युवक का नाम वसीम अहमद भट है, जिसने 7वीं रैंक हासिल की है। वसीम अहमद भट आतंक प्रभावित जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के रहने वाले हैं। अनंतनाग, जम्मू-कश्मीर के उन आंतक प्रभावित जिलों में एक है, जहां आतंकवादी गतिविधियों को धड़ल्ले से अंजाम दिया जाता है। वसीम अहमद भट ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2020 में 225वीं एआईआर हासिल की थी। वह फिलहाल मुंबई में तैनात हैं। वसीम अहमद का ये तीसरा प्रयास था। 24 वर्षीय वसीम को एंथ्रोपोलॉजी की किताबें पढ़ने और साई-फाई टीवी शोज देखने का शौक है। उनका ऑप्शनल सब्जेक्ट एंथ्रोपोलॉजी था। वसीम ने एनआईटी श्रीनगर से सिविल इंजीनियर में बीटेक की डिग्री ली हुई है। 

पुंछ जिले की कौर ने हासिल की 11वीं रैंक

वहीं, जम्मू-कश्मीर के आंतक प्रभावित जिले पुंछ की प्रसनजीत कौर ने इस परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल की है। प्रसनजीत कौर ने यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू से बीएससी और एमएससी की हुई है। ये उनका पहला प्रयास था। पुंछ जिले की रहने वाली कौर को बच्चों को पढ़ाने का शौक है। उनका ऑप्शनल सब्जेक्ट जूलॉजी था।

जम्मू-कश्मीर के 7 अभ्यर्थियों को मिली सफलता

केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के कुल 7 अभ्यर्थियों ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास किया है। जम्मू-कश्मीर से वसीम अहमद भट और प्रसनजीत कौर के अलावा नितिन सिंह, नावेद अहसान भट, मनन अहमद भट, इरफान चौधरी और निर्वाणहु हंस ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इन्होंने 7वीं, 11वीं, 32वीं, 82वीं, 231वीं, 476वीं और 811वीं रैंक हासिल की है। 

613 पुरुष और 320 महिलाओं का सेलेक्शन

इस साल की यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में कुल 933 कैंडिडेट्स का सेलेक्शन हुआ है। इनमें से 613 पुरुष और 320 महिलाएं हैं। इस बार के टॉप तीनों पायदान पर लड़कियां रही हैं। UPSC की ओर से सिविल सेवा परीक्षा सालाना तीन चरणों में आयोजित की जाती है। इसमें अभ्यर्थियों को प्री, मेंस परीक्षा और फिर इंटरव्यू से गुजरना पड़ता है। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत अन्य सेवाओं के अधिकारियों का चयन किया जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत