1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Jharkhand IAS ED Raid : झारखंड में आईएएस पूजा सिंघल के ठिकानों सहित देश में 20 जगहों पर ED की छापेमारी

Jharkhand IAS ED Raid : झारखंड में आईएएस पूजा सिंघल के ठिकानों सहित देश में 20 जगहों पर ED की छापेमारी

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 06, 2022 01:21 pm IST,  Updated : May 06, 2022 01:21 pm IST

 शुक्रवार सुबह से ईडी की अलग-अलग टीमों ने रांची में लगभग आधा दर्जन जगहों पर छापे मारे। इसके अलावा एनसीआर, जयपुर, फरीदाबाद, बेंगलुरू, बिहार के मुजफ्फरपुर, झारखंड के खूंटी और कोलकाता में भी छापेमारी की जा रही है।

ED raids IAS Officer- India TV Hindi
ED raids IAS Officer Image Source : TWITTER@ANI

Highlights

  • IAS पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा के घर और व्यवसायिक ठिकानों पर छापा
  • रांची, खूंटी, जयपुर, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मुजफ्फरपुर, कोलकाता समेत कई जगहों पर छापे

रांची : झारखंड के सीनियर आईएएस अधिकारी पर प्रवर्तन निदेशालय (ED)  की गाज गिरी है। माइन्स लीज आवंटन और आय से अधिक निवेश से जुड़े मामलों को लेकर ED ने झारखंड की आईएएस (IAS ) अधिकारी पूजा सिंघल और उनके पति अभिषेक झा सहित कई अन्य लोगों के 20 से भी ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। शुक्रवार सुबह से ईडी की अलग-अलग टीमों ने रांची में लगभग आधा दर्जन जगहों पर छापे मारे। इसके अलावा एनसीआर, जयपुर, फरीदाबाद, बेंगलुरू, बिहार के मुजफ्फरपुर, झारखंड के खूंटी और कोलकाता में भी छापेमारी की जा रही है।

झारखंड में खान सचिव के पद पर तैनात हैं पूजा सिंघल

हालांकि आधिकारिक तौर पर इन छापों के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गयी है। आईएएस पूजा सिंघल झारखंड में खान सचिव के पद पर पदस्थापित हैं। उनके जिम्मे कई अन्य विभाग हैं। उनके पति अभिषेक झा रांची में पल्स नामक सुपर स्पेश्यिलटी हॉस्पिटल चलाते हैं। इसके अलावा उनके कई अन्य व्यवसाय हैं।

दंपति द्वारा बड़े पैमाने पर राशि की लेनदेन हुई 

ईडी सूत्रों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में आईएएस एवं उनके पति द्वारा बड़े पैमाने पर राशि की लेनदेन हुई है। इनसे जुड़े दर्जनों कागजात और उनकी वैधता की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम झारखंड में खदानों के आवंटन से जुड़े कागजात भी खंगाल रही है। हाल में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने खदानों के आवंटन में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए कई दस्तावेज जारी किये थे।

सुबह छह बजे शुरू हुई ईडी की छापेमारी 

रांची में आईएएस के सरकारी आवास के साथ-साथ लालपुर स्थित हरिओम टावर की न्यू बिल्डिंग, पंचवटी रेजीडेंसी एवं अन्य जगहों पर सुबह छह बजे से ही छापेमारी की जा रही है। ईडी के ज्वायंट डायरेक्टर कपिल राज के अलावा कई बड़े अफसर रांची में कैंप कर रहे हैं। छापेमारी देर तक जारी रहने की संभावना है।

इनपुट-आईएएनएस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत