1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कमलनाथ भी दिखा रहे हैं गांधी परिवार को आंखें, कहा- 'मैं MP छोड़कर दिल्ली नहीं जाने वाला'

कमलनाथ भी दिखा रहे हैं गांधी परिवार को आंखें, कहा- 'मैं MP छोड़कर दिल्ली नहीं जाने वाला'

 Published : Sep 28, 2022 05:55 pm IST,  Updated : Sep 28, 2022 05:55 pm IST

भले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चल रही कयासबाजी में मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ (Kamal Nath) का नाम लिया जा रहा हो, मगर उन्होंने साफ कर दिया है कि वे मध्य प्रदेश नहीं छोड़ेंगे।

Kamal Nath- India TV Hindi
Kamal Nath Image Source : PTI

Highlights

  • कमलनाथ भी दिखा रहे हैं गांधी परिवार को आंखें
  • कहा- 'मैं MP छोड़कर दिल्ली नहीं जाने वाला'
  • अशोक गहलोत पहले ही अपनी दावेदारी कमजोर कर चुके हैं

भले ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चल रही कयासबाजी में मध्य प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ (Kamal Nath) का नाम लिया जा रहा हो, मगर उन्होंने साफ कर दिया है कि वे मध्य प्रदेश नहीं छोड़ेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, ''मैं पहले भी कह चुका हूं कि मैं मध्य प्रदेश नहीं छोड़ना चाहता हूं। उन्होंने कहा एमपी के चुनाव में 12 माह बचे हैं और यदि मैं कोई जिम्मेदारी लेता हूं तो मेरा ध्यान मध्य प्रदेश से हटेगा। अभी मेरा पूरा फोकस सिर्फ मध्य प्रदेश पर है, मैं अपना ध्यान मध्य प्रदेश से हटाना नहीं चाहता।''

'मेरी अशोक गहलोत से बात हो गई है'

राजस्थान में मचे सियासी घमासान पर उन्होंने बताया कि मेरी खुद अशोक गहलोत जी से बात हुई है, उन्होंने कहा कि मैंने तो बैठक बुलाई थी। कुछ लोगों ने अनुशासनहीनता की है तो उनको शोकॉज नोटिस जारी हो गए हैं। वहीं पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट दे दी है। केंद्र सरकार की पीएफआई को लेकर की गई कार्रवाई के सवाल पर कमल नाथ ने कहा कि यदि कोई सबूत है कि वह आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त हैं, आतंकवादी संस्थाओं से जुड़े हैं, तब पीएफआई हो या कोई भी संगठन हो, उन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होना चाहिए।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कमल नाथ ने कहा, आज आतंकवाद बड़े खतरे की बात है और आम जनता को तो सुरक्षा चाहिए और यदि इतने वर्षों से PFI की गतिविधियां चल रही थीं तो यह आपका इंटेलिजेंस फेलियर है, आप इतने वर्षों से क्या कर रहे थे। यह कोई आज तो पैदा नहीं हुई, इसका रजिस्ट्रेशन कब से हुआ है, यदि यह पहले से ही आतंकवादी संस्थाओं से जुड़ी हुई थी तो आप इतने वर्षों से क्या कर रहे थे, आज यह सवाल सामने है?

आगामी विधानसभा चुनाव पर हमारा मुख्य फोकस है

राज्य में 46 नगरीय निकायों के लिए मतदान हो चुका है और गुरुवार को 30 सितंबर को नतीजे आने वाले हैं। इन चुनाव को लेकर कमल नाथ ने कहा कि हमारे सभी नेता लगे हुए थे, बीजेपी ने पुलिस, प्रशासन, पैसे का इन चुनावों में भी जमकर दुरुपयोग किया। हमारा फोकस हर पर चुनाव रहता है और आगामी विधानसभा चुनाव पर भी हमारा मुख्य फोकस है।

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कमल नाथ ने कहा कि यात्रा को बेहद सफलता मिल रही है और यह सफल रहेगी, क्योंकि आज जनता बेहद आक्रोश में है। मीडिया की राजनीति से अब जनता प्रभावित होने वाली नहीं है, क्योंकि जनता समझदार है। आज बीजेपी बेरोजगारी की बात नहीं करती, किसानों की बात नहीं करती, छोटे व्यापारी की बात नहीं करती है। उन्होंने कहा बीजेपी ऐसी पार्टी है जो जनता को गुमराह करने के लिए विभिन्न मुद्दों को सामने लाते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत