1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मॉल के बाहर महिला के साथ अश्लील हरकत और बदसुलूकी, आरोपी वॉचमैन गिरफ्तार

मॉल के बाहर महिला के साथ अश्लील हरकत और बदसुलूकी, आरोपी वॉचमैन गिरफ्तार

 Reported By: T Raghavan Edited By: Subhash Kumar
 Published : Aug 04, 2025 09:46 pm IST,  Updated : Aug 04, 2025 11:59 pm IST

बेंगलुरु में महिला से बदसुलूकी करने वाले वॉचमैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वॉचमैन ने मॉल के बाहर महिला के साथ अश्लील हरकत की थी।

Bengaluru Watchman woman misbehaving - India TV Hindi
बेंगलुरु में महिला से बदसुलूकी। Image Source : REPORTER

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बेंगलुरु के केंगेरी इलाके में एक वॉचमैन ने महिला के साथ अश्लील हरकत की है। महिला का आरोप है कि वॉचमैन ने उसके ऊपर तेजधार हथियार से हमला किया और सार्वजनिक स्थान पर अश्लील हरकत की। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी वॉचमैन को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के केंगेरी इलाके में एक महिला के साथ अश्लील हरकत और उस पर हमला करने के आरोप में विशाल मेगा मार्ट में कार्यरत वॉचमैन चंद्रहासा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता मेगा मार्ट के सामने मछली की दुकान चलाती हैं। पार्किंग या जगह को लेकर महिला की वॉचमैन चंद्रहासा से बहस हो गई थी।

महिला ने शिकायत में क्या बताया?

पीड़िता जो मेगा मार्ट के सामने मछली की दुकान चलाती हैं, ने शिकायत में बताया कि 2 अगस्त की रात करीब 9 बजे पार्किंग या जगह को लेकर उनकी चंद्रहासा से बहस हो गई थी। इसके बाद वह इस मुद्दे को लेकर मैनेजर से बात करने के लिए शॉपिंग मार्ट गईं। उषा रानी के अनुसार, इसी बात से चंद्रहासा भड़क गया और उसने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसने मेरे ऊपर तेजधार हथियार से हमला किया और फिर सार्वजनिक स्थान पर मेरे सामने अश्लील हरकत की।

पुलिस ने क्या कार्रवाई की?

घटना के दौरान एक राहगीर ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। चंद्रहासा के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है, जिनमें महिला की गरिमा भंग करने की नीयत से हमला, यौन उत्पीड़न और आपराधिक धमकी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- जिहाद की मदद से गजवा-ए-हिन्द करना चाहते थे युवक, पाकिस्तानियों से संपर्क में थे, यूपी ATS ने धर दबोचा, जानें पूरा मामला

तेज रफ्तार कार की टक्कर से उछला बुजुर्ग, दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत