1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा 'केदारनाथ धाम', कल सुबह खुलेंगे कपाट; VIDEO में देखें कैसी चल रही तैयारी

51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा 'केदारनाथ धाम', कल सुबह खुलेंगे कपाट; VIDEO में देखें कैसी चल रही तैयारी

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 21, 2026 05:41 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 05:43 pm IST

बुधवार को सुबह 8 बजे केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। इससे पहले मंदिर की सजावट का काम जोर-शोर से चल रहा है। इसके लिए 51 क्विंटल गेंदे के फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा 'केदारनाथ धाम'।- India TV Hindi
51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा 'केदारनाथ धाम'। Image Source : PTI

देश के 12 ज्योतिर्लिंगों और चारधाम में से एक केदारनाथ धाम के कपाट खुलने में अब मात्र एक दिन शेष रह गया है। जैसे-जैसे कपाट खुलने की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे केदारनगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रशासनिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी कड़ी में केदारनाथ मंदिर को करीब 51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है, जिसकी छटा देखते ही बन रही है।

51 क्विंटल ताजे फूलों से सजाया जा रहा मंदिर

हिमालय की गोद में बसे केदारनाथ धाम परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों में उत्साह, आस्था और तैयारियों का माहौल साफ नजर आ रहा है। मंदिर को भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। करीब 51 क्विंटल ताजे गेंदे के फूलों से मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है, जिससे पूरी केदारपुरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठी है।

कल खोले जाएंगे मंदिर के कपाट

बाबा केदार की पवित्र डोली द्वितीय रात्रि प्रवास के लिए गौरीकुंड पहुंच चुकी है। इसके बाद मंगलवार यानी 21 अप्रैल को डोली केदारनाथ धाम पहुंचेगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार यानी 22 अप्रैल की सुबह 8 बजे विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।

फोटो, वीडिया और रील बनाने पर रहेगी सख्ती

हालांकि मंदिर के कपाट खुलने से पहले मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती ने बताया कि अब कोई भी श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन लेकर नहीं जा सकेगा। इसके साथ ही फोटो खींचना, वीडियो बनाना और सोशल मीडिया के लिए रील बनाने पर सख्त मनाही है। ऐसा करने वालों को दंडित किया जाएगा।

6 महीने बंद रहते हैं मंदिर के कपाट

करीब 6 महीने तक बंद रहने के बाद 22 अप्रैल को वृष लग्न में सुबह आठ बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खोलने का मुहूर्त शिवरात्री के अवसर पर निकाला गया था। उसी वक्त बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने का भी मुहूर्त निकला था। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट 19 अप्रैल को खुल चुके हैं। (इनपुट- हिमांशु कुशवाहा)

यह भी पढ़ें-

CM मोहन यादव ने राशिपुरम में किया रोड शो, कांग्रेस और DMK को बताया महिला विरोधी; जमकर साधा निशाना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत