1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हेलिकॉप्टर Mi-17V5 की क्या है खासियत, जिसमें सवार थे अपने परिवार के साथ CDS बिपिन रावत

हेलिकॉप्टर Mi-17V5 की क्या है खासियत, जिसमें सवार थे अपने परिवार के साथ CDS बिपिन रावत

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 08, 2021 02:39 pm IST,  Updated : Dec 08, 2021 02:45 pm IST

आधुनिक तकनीकों से लैस सेना का ये Mi-17V5 हेलिकॉप्टर कई ऑपरेशन को अंजाम दे चुका है। हालांकि, कई बार ये हेलिकॉप्टर क्रैश भी हो चुका है।

Mi-17V5 हेलिकॉप्टर- India TV Hindi
Mi-17V5 हेलिकॉप्टर Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • जानें- हेलिकॉप्टर Mi-17V5 की क्या है खासियत
  • आधुनिक तकनीकों से लैस है सेना का ये हेलिकॉप्टर
  • कई ऑपरेशन को दे चुका है अंजाम

नयी दिल्ली: तमिलनाडु में भारतीय वायुसेना का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है। Mi 17V5 हेलिकॉप्टर में सेना के सीनियर अधिकारी सवार थे। इसमें चीफ डिफेंस ऑफ स्टाफ (सीडीएस) बिपिन रावत और उनके परिवार के लोग भी सवार थे। रावत को अस्पताल ले जाया गया है। हेलिकॉप्टर में कुल 14 लोग सवार थे जिसमें सेना के बड़े अफसर भी थे। अभी तक 7 लोगों के शव बरामद किए गए हैं।

वायुसेना का हेलिकॉप्टर MI 17V5 कई आधुनिक तकनीकों से लैस है। ये सेना के कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन का हिस्सा रहा है। लेकिन, कई बार इसके क्रैश होने की वारदात सामने आ चुकी है। 2017 में भी अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा से 12 किलोमीटर दूर तकनीकी खराबी की वजह से वायुसेना का विमान क्रैश हो गया था। इस हादसे में भी आधे दर्जन से अधिक लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 2019 में भी Mi 17V5 श्रीनगर के बड़गाम में क्रैश हो गया था। इसमें दो पायलट की मौत हो गई थी। जबकि हेलीकॉप्टर में सवार आधे दर्जन से अधिक एयरफोर्स अधिकारी घायल हो गए थे। आज की घटना में ये किस वजह से हुआ ये जांच के बाद ही पता चल पाएगा। लेकिन, आधुनिक तकनीकों से लैस सेना का ये हेलिकॉफ्टर कई ऑपरेशन को अंजाम दे चुका है।

क्या है खासियत

MI 17 V5 हेलिकॉप्टर को भारत ने रूस की कंपनी से खरीदा है। इसके कई सीरीज हैं। अधिकतम 250 किलोमीटर प्रतिघंटा के रफ्तार से ये हेलिकॉफ्टर हवा में उड़ान भर सकता है और 6,000 मीटर की अधिकतम ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। इसके साथ दो सहायक ईंधन टैंक भी होते हैं। एक बार ईंधन भरे जाने पर ये 580 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। जबकि सहायक ईंधन के साथ ये एक हजार से अधिक किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। 

भारतीय वायु सेना का हेलिकॉप्टर Mi 17V5 एक मिलिट्री ट्रांसपोर्ट है। इन विमानों का निर्माण रूस करता है। ये हेलिकॉप्टर्स के Mi-8/17 परिवार का हिस्सा हैं। इस विमान को विश्व के सबसे आधुनिक हेलिकॉप्टरों में से एक माना जाता है। इसकी तैनाती सेना और आर्म्स ट्रासपोर्ट में भी की जा सकती है। सर्च ऑपरेशनों, पट्रोलिंग, राहत एवं बचाव अभियानों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है।

इस बड़े ऑपरेशन में भी हुआ था इस्तेमाल

साल 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमले के दौरान भी ऑपरेशन में इस हेलिकॉप्टर का सहयोग लिया गया था। एनएसजी कमांडो इसी के जरिए कोलाबा में आतंकियों का मुकाबला करने के लिए उतरे थे। 2016 में जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी लॉन्च पैड को तबाह करने के लिए सर्जिकल स्ट्राइक में भी इस MI-17-V5 का इस्तेमाल किया गया था।

घातक हथियारों से लैस है ये हेलिकॉप्टर

इस वक्त भारत के पास करीब 150 से अधिक ये हेलिकॉप्टर उपलब्ध हैं। इस हेलिकॉप्टर में आठ फायरिंग पोस्ट्स हैं, जिसमें शतर्म-5 मिसाइल्स, S-8 रॉकेट, PKT मशीन गन्स शामिल हैं। रात में ऑपरेशन को अंजाम देने में ये हेलिकॉप्टर वायुसेना का अचूक माना जाता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत