भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच 8 मई की रात को पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर मिसाइल से हमला किया। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से हुए इस हमले को भारत के रक्षा कवच S-400 ने नाकाम कर दिया। भारत सरकार की जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से आई सभी मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही ध्वस्त कर दिया। रुस ने इस एयर डिफेंस सिस्टम को विकसित किया था और 5.4 अरब डॉलर खर्च करके भारत ने यह प्रणाली खरीदी थी। आइए ऐसे में जान लेते हैं कि एस-400 एक बार कितनी मिसाइलों को रोक सकता है और इसकी खासियत क्या है।
एस-400 में चार प्रकार की मिसाइलें लगी हैं। इन मिसाइलों की रेंज 40, 100, 200 और 400 किलोमीटर तक है। इसमें लगी 40N6E मिसाइल की रेंज 400 किलोमीटर है और दुश्मन के विमानों और मिसाइलों को हवा में ही ये ढेर कर सकते है। इसके साथ ही एस-400 में 48N6, 9M96E और 9M96E2 मिसाइलें भी लगी हैं। एस-400 एक बार में दुश्मन की 80 मिसाइलों या हवाई हमलों को हवा में ही ध्वस्त कर सकता है। एस-400 में इंटीग्रेटेड मल्टीफंक्शन रडार सिस्टम लगा हुआ है जो खुद दुश्मनों की मिसाइल को पहचान कर उसे नष्ट कर सकता है।
एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम को चंद मिनटों में ही तैनात किया जा सकता है। 5-10 मिनट में ये दुश्मन के इरादों को ध्वस्त करने के लिए तैयार हो जाता है, जिसके चलते आपातकालीन स्थिति में भी इसे आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। एस-400 की प्रणाली को नए विमानों और मिसाइलों के लिए दोबारा प्रोग्राम किया जा सकता है। इसलिए भविष्य में भी ये उतना ही कारगर साबित होता है जितना वर्तमान में। एक बार मिसाइलें दागने के बाद इस तुरंत स्थानांतरित भी किया जा सकता है, जिसके कारण हमेशा ये दुश्मन की पहुंच से दूर रहता है।
संपादक की पसंद