1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. लता मंगेशकर के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी ने जताया शोक, पीएम ने कहा-कर्णधार के रूप में याद किया जाएगा लता दीदी को

लता मंगेशकर के निधन पर राष्ट्रपति कोविंद और पीएम मोदी ने जताया शोक, पीएम ने कहा-कर्णधार के रूप में याद किया जाएगा लता दीदी को

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 06, 2022 10:31 am IST,  Updated : Dec 15, 2022 04:24 pm IST

लता मंगेशकर के निधन पर पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व अन्य नेताओं ने शोक जताया है। इसी बीच सरकार ने उनके निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है।

Lata mangeshkar- India TV Hindi
Lata mangeshkar Image Source : FILE PHOTO

लताजी का निधन ह्रदय विदारक: राष्ट्रपति कोविंद

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सुर-साम्राज्ञी लता मंगेशकर के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि लताजी के निधन की खबर मेरे लिए दुनिया के उन लाखों-करोड़ों प्रशंसकों की तरह ह्रदय विदारक है। उनके गीतों की विशाल श्रृंखला में, भारत के सार और सुंदरता को प्रस्तुत करते हुए, पीढ़ियों ने अपनी आंतरिक भावनाओं की अभिव्यक्ति पाई। उनकी उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।

लता मंगेशकर के निधन पर पीएम मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व अन्य नेताओं ने शोक जताया है। इसी बीच सरकार ने उनके निधन पर दो दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है। लताजी के निधन पर पीएम मोदी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि लता दीदी को भारतीय संस्कृति के कर्णधार के रूप में याद किया जाएगा। लता दीदी की आवाज में मंत्रमुग्ध करने की अद्भुत क्षमता थी। वे देश में एक खालीपन छोड़ गईं, जिसे भरा नहीं जा सकता। लता दीदी हमेशा मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि लता दीदी के गानों ने कई तरह की भावनाओं को जन्म दिया। उन्होंने फिल्म जगत के बदलाव को करीब से देखा। प्रधानमंत्री ने लता दीदी के निधन पर उनके परिवार के साथ बात करके अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

लताजी का निधन होना एक युग का अंत: रजत शर्मा 
इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने लता मंगेशकर के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि लता दीदी के जाने की खबर से मैं स्तब्ध हूं। लताजी के निधन से एक युग का अंत हो गया है। संगीत की दुनिया के नुकसान की भरपाई कभी नहीं हो पाएगी। अक्सर उनका फोन आता था तो बहुत देर तक उनसे बात होती थी। वे कई बार पुराना गाना वॉट्सऐप पर भेज देती थीं। उनका आखिरी वीडियो मैसेज नए साल पर आया था। अब न लता दीदी के फोन आएंगे, न संदेश।

उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति: शाह
लता मंगेशकर के निधन पर होम मिनिस्टर अमित शाह ने भी शोक जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी है। अमित शाह ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि संगीत जगत में उनके द्वारा दिए गए योगदान को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

गडकरी ने जताया शोक
उनके निधन पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शोक जताया है। उन्होंने कहा है लताजी संगीत युग का इतिहास रही हैं, उन्होंने गीतों का विश्व का रिकॉर्ड तोड़ा है। मेरा उनसे व्यक्तिगत स्नेह था। उनके जाने से पूरे देश को बड़ी क्षति हुई। उनका जाना पूरे देश पर बड़ा आघात है, हम सबके जीवन में बड़ा धक्का है। उनके गीत लोग पीढ़ियों तक सुनते रहेंगे। 


लोगों को जोड़ते थे लता दीदी के गीत: ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लताजी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि "भारत रत्न" लता मंगेशकर जी ने अपने समृद्ध स्वरों से संगीत को नई ऊंचाइयां दी। भाषा के बंधन को तोड़ उनके गाए गीत विश्व के प्रत्येक हिस्से तक पहुंचे। उनका निधन सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। उन्होंने कहा कि लता दी के गाए गीत लोगों को जोड़ते थे। ऐसे अनेक अवसर आए जब उन्होंने हमारे सैनिकों का भी मनोबल बढ़ाया। उनसे प्रेरणा पाकर लाखों युवा संगीत से जुड़े। अब भले ही वे हमारे बीच नहीं हैं लेकिन अपने गीतों से वे सदैव हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेंगी।

लताजी का जाना ह्रदय विदारक: नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लताजी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि लता दीदी के दुनियाभर में फैले प्रशंसकों के लिए मेरी संवेदनाएं हैं। उनका निधन ह्रदय विदारक है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लता मंगेशकर के निधन पर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने कहा कि लताजी की सुरीली आवाज अमर है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। लता मंगेशकर के निधन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि लता दीदी का आज शाम राजकीय सम्मान के साथ शिवाजी पार्क में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति: योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वर कोकिला, 'भारत रत्न' लता मंगेशकरजी का निधन अत्यंत दुखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।

सीएम शिवराज ने कहा-लता दीदी के बिना देश का गीत-संगीत अधूरा
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने शोक संदेश में कहा कि लता दीदी (लता मंगेशकर) आपके बिना इस देश के गीत और संगीत सूने हैं। आपकी कमी कभी कोई पूरा नहीं कर सकता है। हम गीत संगीत की देवी मानकर हमेशा आपकी पूजा करते रहेंगे। लता दीदी के चरणों में विनम्र प्रणाम।

लता जी वास्तव में भारत की कोकिला थीं: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, "मैं उनके परिवार और दुनियाभर में उनके करोड़ों प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं उस प्रतिभा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करती हूं जो वास्तव में भारत की कोकिला थीं।"

मोहन भागवत ने संघ की ओर से दी श्रद्धांजलि
RSS प्रमुख मोहन भागवत ने लताजी को श्रद्धांजलि देने हुए कहा कि लता मंगेशकर के निधन से मैं ही नहीं बल्कि पूरे देश के लोगों के मन में जो वेदना व्यक्त हुई है, उसको शब्दों में वर्णन करना कठिन है। ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहन करने का धैर्य प्रदान करें। मैं अपनी और संघ की ओर से उनके प्रति श्रद्धांजलि अप्रित करता हूं।

यूपी के डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा- संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य केशव प्रसाद मौर्य ने लताजी के निधन को संपूर्ण विश्व के संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।. उन्होंने अपने ट्वीट संदेश में कहा, "विश्व की मशहूर गायिका, जीवनपर्यंत संगीत की दुनिया में अभूतपूर्व योगदान देने वाली भारत रत्न सुर साम्राज्ञी आदरणीय लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दु:खद है। दीदी जी का निधन संपूर्ण विश्व के संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत