1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आकाशीय बिजली गिरने से झारखंड में 13 की मौत, UP में बिजली के झटकों से 3 की गई जान, कई राज्यों में आसमान से बरसी आफत

आकाशीय बिजली गिरने से झारखंड में 13 की मौत, UP में बिजली के झटकों से 3 की गई जान, कई राज्यों में आसमान से बरसी आफत

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 05, 2026 06:40 am IST,  Updated : Aug 05, 2026 07:37 am IST

आकाशीय बिजली गिरने से झारखंड के 3 जिलों में 13 लोगों की मौत हो गई। भारी बारिश के बीच ये आकाशीय बिजली गिरी है। वहीं, यूपी में बिजली के झटकों से अलग-अलग जगहों पर 3 लोगों की मौत हो गई।

आकाशीय बिजली- India TV Hindi
आकाशीय बिजली Image Source : PTI

देश के अलग-अलग राज्यों में मंगलवार को जमकर बारिश हुई और कई जगहों पर आकाशीय बिजली भी गिरी है। झारखंड के तीन जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। उत्तर प्रदेश में बिजली के झटकों से 3 की मौत हो गई।

झारखंड के इन जिलों में गिरी बिजली

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को झारखंड के गिरिडीह, दुमका और लातेहार में बिजली गिरने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि 13 मृतकों में से 8 की मौत गिरिडीह से, 3 की दुमका से और शेष 2 की मौत लातेहार से हुई है।

गिरिडीह में 7 की मौत

इस घटनाक्रम की अधिक जानकारी देते हुए खोरिमाहुआ के उपमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO), अमरेंद्र कुमार ने बताया कि गिरिडीह जिले में मेरे उपमंडल के अंतर्गत आने वाले तीन पुलिस थानों में बिजली गिरने से कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए।' एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गिरिडीह जिले के बागोदर पुलिस थाना क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत हो गई।

रामगढ़ में बिजली गिरने से 3 की मौत

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुमका जिले के रामगढ़ ब्लॉक में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे सहित चार अन्य घायल हो गए। लातेहार में विभिन्न पुलिस थानों के अंतर्गत आने वाली बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 3 लोगों की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। 

यूपी में बिजली के झटकों से 3 लोगों की हो गई मौत

उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में बिजली के झटके से तीन लोगों की मौत हो गई और एक हो गया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को उत्तर प्रदेश में अलग-अलग घटनाओं में बिजली का झटका लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। 

देवरिया में 8 साल की बच्ची की मौत

पुलिस ने बताया कि देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के आसनहार गांव में आठ वर्षीय बच्ची की अपने घर में मोबाइल फोन चार्ज करते समय बिजली का झटका लगने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वह बुरी तरह जल गई थी और उसे तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना अधिकारी मृत्युंजय राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एटा जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के राधा विहार इलाके में एक 10 वर्षीय लड़के की कथित तौर पर ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से मौत हो गई। 

पुलिस ने बताया कि पीड़ित की पहचान आरुष के रूप में हुई है, जो अपने छोटे भाई को ट्यूशन छोड़कर घर लौट रहा था, तभी वह ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिजली के झटके से 65 वर्षीय मंदिर के पुजारी की मौत

लखनऊ में गोसाईंगंज क्षेत्र के रामबाग धाम अमेठी मंदिर में घरेलू बिजली के संपर्क में आने से 65 वर्षीय मंदिर पुजारी रूप चंद की मृत्यु हो गई। पुलिस के एक बयान में यह जानकारी दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एटा में एक अन्य घटना में, पुलिस ने बताया कि मरहारा कस्बे में नगर निगम द्वारा लगाए गए सार्वजनिक वाटर कूलर को छूने से छह वर्षीय बच्ची फिजा को बिजली का झटका लगा। स्थानीय दुकानदारों ने समय रहते उसे बचा लिया।

देश के कई राज्यों में हो रही भारी बारिश

देश के कई राज्यों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में नदियां उफान पर हैं, सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है और यातायात बाधित हो गया है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

(इनपुट- PTI)

ये भी पढ़ें: 

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी के साथ भारी बारिश का अनुमान, दिल्ली-NCR का मौसम भी हुआ सुहावना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत