1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेजुबानों से बेरहमी! मेरठ में शख्स ने आवारा कुत्ते के सिर में मारी गोली, जामनगर में पीट-पीटकर किया अधमरा

बेजुबानों से बेरहमी! मेरठ में शख्स ने आवारा कुत्ते के सिर में मारी गोली, जामनगर में पीट-पीटकर किया अधमरा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 19, 2026 11:03 pm IST,  Updated : Jun 19, 2026 11:03 pm IST

मेरठ में एक शख्स ने एक आवारा कुत्ते कि सिर में गोली मार दी। फिलहाल उसका दिल्ली में इलाज चल रहा है। वहीं जामनगर में भी एक शख्स ने आवारा कुत्ते को तब तक हॉकी से पीटा, जबतक वह अधमरा नहीं हो गया।

आवारा कुत्तों पर हमला।- India TV Hindi
आवारा कुत्तों पर हमला। Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE

यूपी के मेरठ से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां सरधना इलाके में एक युवक ने एक कुत्ते को गोली मार दी। गोली सीधे उसके सिर में मारी गई, 100 से ज्यादा छर्रे बेजुबान के सिर में धंस गए। अब ये कुत्ता दिल्ली में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। मैक्स पेट्स में उसका इलाज चल रहा है। जिस शख्स ने एक बेजुबान कुत्ते को गोली मारी, उसका नाम शमी उर्फ सनी है। पता लगा है कि शमी के घर में एक पालतू कुत्ता है। उसका डॉग घर से बाहर निकल गया, जिसे सड़क पर बैठे कुछ आवारा कुत्तों ने घेर लिया और उस पर हमला कर दिया, जिससे शमी का पालतू कुत्ता बुरी तरह घायल हो गया। 

तमंचे से सिर में मारी गोली

आवारा कुत्तों के हमले से नाराज शमी घर से तमंचा लाया और गली में उसे सबसे पहले जो आवारा कुत्ता दिखाई दिया उस कुत्ते के सिर में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले। सामने खून से लथपथ कुत्ते को देखा। लोगों ने इस घायल कुत्ते को हॉस्पिटल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचती इससे पहले शमी वहां से फरार हो गया। उसके पिता इरफान ने तमंचे को छिपा दिया। हालांकि कुछ ही घंटों के बाद पुलिस ने इरफान और उसके बेटे शमी को अरेस्ट कर लिया।

दिल्ली में चल रहा इलाज

जिस आवारा कुत्ते को गोली मारी गई है, उसकी हालात गंभीर है। उसे दिल्ली लाया गया है। जब इस घायल कुत्ते का एक्सरे किया गया तो उसके सिर में छर्रे ही छर्रे दिखाई दे रहे हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि इतने सारे छर्रों को निकालना नामुमकिन है, लेकिन फिर इस डॉग को बचाने की पूरी कोशिश हो रही है। डॉक्टर्स की जो टीम उसका इलाज कर रही है उसने कुत्ते का नाम शौर्य रखा है। शमी के परिवार वाले भी अब सफाई दे रहे हैं। उनका कहना है कि जिस आवारा कुत्ते को गोली मारी गई, वो पागल हो चुका था। आए दिन लोगों पर हमला करता था और मवेशियों को नुकसान पहुंचाता था। हालांकि पड़ोसियों का कहना है कि शमी के परिवार वाले झूठ बोल रहे हैं।

जामनगर में हॉकी से हमला

बेजुबान पर जुल्म की तस्वीरें जामनगर से भी आई हैं। जामनगर में एक युवक ने गली में सो रहे एक आवारा कुत्ते को हॉकी से बेरहमी से मारा। आवारा कुत्ते के सिर और शरीर पर हॉकी से ताबड़तोड़ वार किए। बेजुबान सड़क पर चिल्लाता रहा, तड़पता रहा, जब युवक को लगा कि वो मर चुका है तो वो उसे छोड़ कर चला गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने बुरी तरह घायल कुत्ते को हॉस्पिटल पहुंचाया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें-

एक पल में करोड़पति बन गया टैक्सी ड्राइवर, 3 करोड़ की जीती लॉटरी; किस्मत ने दिया साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत