1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मृत बहन का कंकाल कंधे पर लादकर बैंक पहुंचने वाले शख्स को अकाउंट में जमा रुपए लौटाए गए, अतिरिक्त सहायता भी मिली

मृत बहन का कंकाल कंधे पर लादकर बैंक पहुंचने वाले शख्स को अकाउंट में जमा रुपए लौटाए गए, अतिरिक्त सहायता भी मिली

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 28, 2026 07:38 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 07:38 pm IST

ओडिशा के क्योंझर जिले में एक शख्स अपनी मृत बहन के कंकाल को कब्र खोदकर निकाल लाया और बैंक के सामने कंकाल रखकर अकाउंट में जमा पैसे वापस मांगने लगा।

Odisha- India TV Hindi
कंकाल लेकर बैंक पहुंचने वाले शख्स को अकाउंट में जमा रुपए लौटाए गए Image Source : REPORTER INPUT

क्योंझर: ओडिशा के क्योंझर जिले से हालही में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया था। यहां एक शख्स अपनी मृत बहन के बैंक अकाउंट में जमा पैसे निकालने के लिए बैंक पहुंचा था। जब बैंक कर्मियों ने उससे डेथ सर्टिफिकेट मांगा तो वह अपनी मृत बहन का कंकाल कंधे पर लादकर बैंक पहुंच गया और जमा रुपए मांगने लगा। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।

जब इस मामले ने तूल पकड़ा तो अब शख्स को उसकी बहन के अकाउंट में जमा रुपए लौटा दिए गए हैं और अतिरिक्त सहायता राशि भी प्रदान की गई है।

क्या है पूरा मामला?

मामला ओडिशा के क्योंझर जिले का है। यहां के पटना इलाके के दियानाली गांव के जीतू मुंडा, अपनी बहन की मौत के बाद उनके बैंक खाते में जमा पैसे निकालना चाहता था। ऐसे में वह बैंक गया और उसने बहन के अकाउंट से पैसे निकालने चाहे। लेकिन बैंक अधिकारियों ने उससे कहा कि नियमों के मुताबिक, उसे डेथ सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी कागज उपलब्ध करवाने होंगे।

लेकिन जीतू अपने गांव गया और उसने अपनी बहन के दफन किए गए शव को बाहर निकाल लिया, जोकि कंकाल में तब्दील हो चुका था। इसके बाद वह कंकाल को अपने कंधे पर लादकर पैदल ही बैंक पहुंचा। यहां उसने बैंक के सामने कंकाल रखकर मृत बहन के खाते में जमा करीब 19 हजार रुपए देने की मांग की।

ये मामला सुर्खियों में आ गया और जीतू का कंकाल को बैंक ले जाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

बैंक ने लौटाए पैसे और बैंककर्मियों ने दी सफाई

जब इस मामले ने तूल पकड़ा तो बैंक के रीजनल मैनेजर सत्यव्रत नंदा ने बैंक की सफाई में कहा, "जीतू मुंडा नशे में थे और वे यह समझने में असमर्थ थे कि उन्हें अपनी बहन के अकाउंट से पैसे निकालने के लिए कानूनी वारिस होने के वैध कागजात पेश करने होंगे। बैंक कर्मचारियों से बहस करने के बाद वे बैंक से निकल गए और जब लौटे तो उनके पास कंकाल था। हमनें स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है।"

मौजूदा स्थिति यह है कि जीतू मुंडा को उनकी बहन के अकाउंट में जमा लगभग 19 हजार रुपए लौटा दिए गए हैं, इसके साथ ही रेड क्रॉस की तरफ से उन्हें 20 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की गई है। (रिपोर्ट- शुभम कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत