1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देहरादून में नदी पार करते हुए 12 लोग ट्रैक्टर ट्राली समेत बहे, 6 के शव बरामद, हैरान कर देने वाला वीडियो

देहरादून में नदी पार करते हुए 12 लोग ट्रैक्टर ट्राली समेत बहे, 6 के शव बरामद, हैरान कर देने वाला वीडियो

 Reported By: Vishal Pratap Singh, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Sep 16, 2025 07:10 pm IST,  Updated : Sep 16, 2025 07:20 pm IST

उत्तराखंड के देहरादून में भारी बारिश की तबाही की खबरें आते ही, एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें कुछ लोग उफनती टोंस नदी में बह गए हैं।

नदी में बहते हुए लोग- India TV Hindi
नदी में बहते हुए लोग Image Source : REPORTER INPUT

देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नदी के तेज बहाव में 12 लोग जिंदा बह गए। जानकारी के मुताबिक, देहरादून की तहसील विकासनगर में टौंस नदी को 14 व्यक्ति ट्रैक्टर ट्राली पर सवार होकर पार रहे थे। नदी के तेज बहाव के कारण 14 व्यक्तियों में से 12 लोग बह गए। जबकि दो लोग जिंदा बच गए लेकिन वे घायल हैं। पुलिस प्रशासन ने बताया कि नदी में बहने वाले 12 लोगों में से 6 के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि छह लोगों की तलाश जारी है।

नदी में बहने वाले 12 लोगों में से 10 लोग यूपी के मुरादाबाद की तहसील बिलारी के ग्राम मुढ़िया जैन के रहने वाले थे। जबकि दो संभल के रहने वाले हैं। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की मदद से मुरादाबाद के रहने वाले छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। जबकि 6 व्यक्ति अभी लापता हैं।

मृतकों की लिस्ट

  1. फरमान पुत्र स्व0 इदरीश निवासी जनपद मुरादाबाद हाल निवासी परवल उम्र 28 वर्ष 
  2. सोमवती पत्नी हरचरण निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल उम्र 55 वर्ष
  3. रीना पत्नी होराम निवासी जनपद मुरादाबाद उम्र 22 वर्ष 
  4. हरचरण पुत्र फूल सिंह निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल उम्र 60 वर्ष
  5. नरेश पुत्र उमरसैन निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल
  6.  मदन पुत्र भरत निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल

नदी में बहने वाले लोग, जिनकी तलाश जारी

  1.  होराम पुत्र हरचरण निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल उम्र 26 वर्ष
  2.  राजकुमार पुत्र हरचरण निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल उम्र 24 वर्ष
  3.  रानी पुत्री हीरालाल निवासी जनपद सम्भल उम्र 18 वर्ष
  4.   नीता पुत्री हीरालाल निवासी जनपद सम्भल उम्र 18 वर्ष
  5.   किरन पत्नी अमरपाल निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल
  6.  सुंदरी पत्नी मदन निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल

घायलों के नाम 

 अमरपाल पुत्र गिरवर निवासी जनपद मुरादाबाबाद हाल परवल

 अमन पुत्र नरेश निवासी जनपद मुरादाबाद हाल परवल 

यहां देखें वीडियो

आंख के सामने बहते हुए देखते रह गए लोग

वीडियो में नदी के बीचों-बीच फंसे एक ट्रैक्टर पर बैठे कई लोग दिखाई दे रहे हैं। फंसे हुए लोग मदद के लिए पुकारते और हाथ हिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि किनारे पर मौजूद लोग उन्हें बचाने का कोई रास्ता निकालने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इससे पहले कि वे ऐसा कर पाते नदी का उफान ट्रैक्टर को पलट देता है और लोग बह जाते हैं। किनारे पर मौजूद लोग ट्रैक्टर के पलटने और मज़दूरों के पानी में डूबने पर चीखते-चिल्लाते दिखाई देते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत