1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड के खटीमा में बड़ा बवाल, युवक की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने दुकानों में लगाई आग, धारा 163 लागू

उत्तराखंड के खटीमा में बड़ा बवाल, युवक की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने दुकानों में लगाई आग, धारा 163 लागू

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 13, 2025 01:53 pm IST,  Updated : Dec 13, 2025 02:02 pm IST

उत्तराखंड के खटीमा में एक युवक की हत्या के बाद शनिवार को भीड़ ने जमकर हंगामा किया और कुछ दुकानों में आग लगा दी। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए धारा 163 लागू की है।

हंगामा करते लोग- India TV Hindi
हंगामा करते लोग Image Source : REPORTER

खटीमा: उत्तराखंड के खटीमा में एक युवक की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने हमलावरों की दुकान में आग लगा दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तनाव को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू किया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

युवक की मौत के बाद हंगामा

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात्रि खटीमा रोडवेज परिसर में दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी विवाद के दौरान चली चाकूबाजी में 23 वर्षीय तुषार शर्मा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना के बाद से खटीमा क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। तुषार शर्मा की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शनिवार को बजरंग दल समेत आक्रोशित लोगों ने रोडवेज परिसर में स्थित हमलावरों की दुकान को आग के हवाले कर दिया। 

आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग

बजरंग दल के जिला संयोजक हिमांशु ने घटना को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि शीघ्र हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जाता या उनकी संपत्ति पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने इलाके के लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की है। 

रिपोर्ट: सुरेन्द्र कुमार गुप्ता 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत